पुरानी दिल्ली: बारात लेकर निकला परिवार, पीछे से चोरों ने साफ कर दिए लाखों के जेवर और नकदी
पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके में एक शादी वाले घर में चोरी की वारदात हुई है। बारात निकलने के ...और पढ़ें

शादी के घर से चोरों ने उड़ाए 5 लाख कैश। (AI-Image)
मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके में शादी की खुशियों के बीच एक परिवार को चोरी की वारदात ने बड़ा झटका दे दिया। घर से बारात निकलते ही चोरों ने मकान को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
आरोपितों ने अलमारी के लाक तोड़कर उसमें रखे पांच लाख रुपये नकद और छह तोले सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार देर रात बारात से लौटा तो घर का दरवाजा टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चांदनी महल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
10 बजे बारात लेकर निकला दूल्हा
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता हन्नान गली अखाड़े वाली, हौज सूईवालान में रहते हैं। 25 अक्टूबर को उनकी शादी थी। रात करीब 10 बजे वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर घर से निकले थे।
इस दौरान घर खाली था। देर रात करीब ढाई बजे जब वह वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे पांच लाख रुपये और छह तोले सोने के आभूषण गायब हैं। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने अपना मकान पहले ही बेच दिया था और सौदे के बयाने के तौर पर मिले पांच लाख रुपये अलमारी में रखे थे। चोरों ने नकदी के साथ आभूषण भी चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए।
घर में रखी रकम की जानकारी होने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे घर में नकदी और आभूषण रखे होने की जानकारी थी।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बारात निकलने के बाद घर पर नजर रखने वाला कोई व्यक्ति तो वारदात में शामिल नहीं था।
