कभी सर्दी तो कभी गर्मी... दिल्ली-NCR के मौसम को ये क्या हुआ? IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट
दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई। सफदरजंग और लोधी रोड सहित कई इलाकों में वर्षा हुई।
-1774631112406_m.webp)
राजधानी में हुई हल्की वर्षा में चलते वाहन चालक। ध्रुव कुमार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। शहर के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को सुबह के समय हल्की वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई। शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग में 0.7 मिमी, लोधी रोड पर 1.2 मिमी, राजघाट और मयूर विहार दोनों जगह में 1.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार के लिए वर्षा और गरज के साथ आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले यह 34.8 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 72 से 41 प्रतिशत रहा।
आने वाले दिनों में बादल छाए रहने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन के तापमान में मामूली गिरावट की उम्मीद है।
अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आएगी। उसके बाद के दो दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी और उसके बाद फिर से दो तीन डिग्री की गिरावट आएगी। अगले सात दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, सिवाय 28 और 29 मार्च के, जब तापमान सामान्य रहेगा।
चलेंगी तेज हवाएं
रविवार की सुबह हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज/बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दोपहर से हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज/बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। सोमवार को भी हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज/बिजली गिरने की संभावना है।
इस बीच, वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है और यह मध्यम स्तर पर बनी हुई है। शुक्रवार को एक्यूआइ 144 था, जबकि एक दिन पहले यह 186 था, दोनों ही मध्यम श्रेणी में थे। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक एक्यूआइ मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना है।
