Delhi Weather: दिल्ली में कंपकंपाहट वाली ठंड का कहर... IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली में मंगलवार से कड़ाके की ठंड पड़ रही है, गुरुवार को न्यूनतम तापमान और गिर गया। भारत मौसम विज्ञान ...और पढ़ें
-1767890095019_m.webp)
बृहस्पतिवार को बढ़ी ठंड में सुबह अशोक मार्ग पर ठिठूरते हुए जाते वृद्ध । चंद्र प्रकाश मिश्र

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मंगलवार से राजधानी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान और गिर गया, जिससे सुबह और ठंडी हो गईं। दिन का तापमान भी सामान्य से कम रहा। अगले कुछ दिनों तक भी ऐसे ही मौसम रहने का अनुमान है। शुक्रवार सुबह कुछ इलाकों में हल्का से घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार सुबह तापमान में गिरावट के साथ-साथ कई जगहों पर कोहरा देखा गया। इसके कारण इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई, जबकि सफदरजंग में यह 500 मीटर थी। दिन बढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम है। दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान बुधवार की तुलना में 0.8 डिग्री बढ़ गया। अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान पालम में दर्ज किया गया। पालम और मयूर विहार सहित कई जगहों पर शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि अगले हफ्ते मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में...
दिन में चली हवा से प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 280 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। बुधवार को भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में थी। बुधवार को 20 प्रदूषण निगरानी स्टेशनों पर AQI बहुत खराब श्रेणी (300 से ऊपर) में था। इसकी तुलना में, गुरुवार को 17 स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में थी।
| स्थान | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| सफदरजंग | 17.5 | 5.8 |
| लोधी रोड | 17 | 6.1 |
| आयानगर | 17.4 | 5.8 |
| रिज एरिया | 16.5 | 5.8 |
| पालम | 14.5 | 4.8 |
| राजघाट | 16.2 | 7 |
| मयूर विहार | 14.7 | 6.8 |
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 60% उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा पानी का बिल, सरकार बदल रही बिलिंग सिस्टम; कई समस्याओं का होगा निवारण
