विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में आज फिर करवट लेगा मौसम, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान; गर्मी से मिलेगी राहत

Published: Thu, 26 Mar 2026 05:30 AM (IST)Updated: Thu, 26 Mar 2026 07:09 AM (IST)

दिल्ली का मौसम गुरुवार को फिर बदलेगा, जिसमें बादल छाए रहेंगे, गर्जन, बिजली चमकने और 20-30 किमी/घंटे की हवा के ...और पढ़ें

HighLights

  1. गुरुवार को दिल्ली में धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा।

  2. पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा।

  3. मार्च अंत तक तापमान में गिरावट और व्यापक वर्षा की उम्मीद।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दो तीन दिन से दोबारा गर्म हो रहा दिल्ली का मौसम गुरुवार को फिर करवट ले लेगा। दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ धूल भरी आंधी और हल्की वर्षा होने के भी आसार है। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री जबकि अधिकतम 34 डिग्री रहने की संभावना है।

इस बीच बुधवार को तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 94 से 33 प्रतिशत रिकार्ड हुआ। सबसे कम अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री मुंगेशपुर जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री लोधी रोड एवं आयानगर में रहा।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में हो रहा बदलाव

स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा, 'इस मार्च में असामान्य वर्षा देखी गई है। आमतौर पर इस महीने में मानसून से पहले की छिटपुट बौछारें ही होती हैं, लेकिन इस बार कई बार वर्षा हुई है। इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ की एक श्रृंखला है, जिनमें से एक 15 मार्च से सक्रिय है और सामान्य से कम ऊंचाई पर आ रहा है।'

धूल भरी आंधी की बन रही आशंका

उन्होंने आगे कहा कि एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ ने मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी हरियाणा के आसपास के हिस्सों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनाया है। इसके परिणामस्वरूप ही गुरुवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं, हल्की वर्षा और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। हालांकि इस प्रणाली का तापमान पर तत्काल कोई खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन महीने के अंत तक इसका अधिक स्पष्ट प्रभाव देखने को मिलेगा।”

महीने के अंत तक बारिश होने की संभावना

मौसम के पूर्वानुमान के बारे में बताते हुए पलावत ने कहा कि महीने के अंत तक बारिश होने की संभावना है। “29 से 31 मार्च के बीच देश के बड़े हिस्से में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इस लंबे समय तक चलने वाली वर्षा से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और मार्च के अंत तक दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के मध्य तक पहुंचने की संभावना है।”

इस बीच गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआइ 183 के साथ 'मध्यम' श्रेणी में बना रहा। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, गुरुवार से 28 मार्च तक वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में एलपीजी सिलिंडर का संकट गहराया, गैस एजेंसियों पर बढ़ रहा विवाद

यह भी पढ़ें- नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग के दो शूटर दिल्ली में गिरफ्तार, हत्या की साजिश का खुलासा