विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग के दो शूटर दिल्ली में गिरफ्तार, हत्या की साजिश का खुलासा

Published: Wed, 25 Mar 2026 11:38 PM (IST)

बाहरी उत्तरी दिल्ली पुलिस ने नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग के दो शूटरों, सतेंद्र और तरुण को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

नीरज बवानिया और नवीन वाली गैंग के दो शूटर गिरफ्तार। (एआई से निर्मित ग्राफिक्स)

नीरज बवानिया और नवीन वाली गैंग के दो शूटर गिरफ्तार। (एआई से निर्मित ग्राफिक्स)

HighLights

  1. नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग के दो शूटर गिरफ्तार।

  2. पूठ गांव में विरोधी बदमाश की हत्या की थी योजना।

  3. पुलिस ने पांच पिस्टल और आठ कारतूस बरामद किए।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बदमाश की हत्या की योजना बना रहे नीरज बवानिया और नवीन वाली गैंग के दो शूटरों को बाहरी उत्तरी जिला स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने पांच पिस्टल और आठ कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक दोनों को पूठ गांव में विरोधी गैंग के बदमाश की हत्या करना था, इसके लिए नवीन बाली के निर्देश का दोनों इंतजार कर रहे थे। इनकी पहचान सतेंद्र और तरुण के रूप में हुई है।

जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 23 मार्च की रात करीब 11:30 बजे जिले के स्पेशल स्टाफ को गैंग के सदस्यों की नरेला औद्योगिक क्षेत्र में आने की जानकारी मिली। निरीक्षक विश्वेंद्र चौधरी ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों को देने के बाद एक टीम गठित की। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

रोहिणी के सतेंद्र और बवाना के तरुण को गिरफ्तार किया गया

पुलिस ने बताए गए ठिकाने से रोहिणी निवासी सतेंद्र और बवाना निवासी तरुण को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से हथियार बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि सतेंद्र नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग का सदस्य है। उसपर अपहरण कर दुष्कर्म सहित गंभीर चोट पहुंचाने, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

वहीं तरुण को 2020 में स्पेशल सेल की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। वह 2017 से नीरज बवानिया और नवीन बाली गैंग का सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में उसने बताया कि उसे नवीन बाली ने हरियाणा से उसके एक साथी काला से हथियार लाने का निर्देश दिया था। इन हथियारों का इस्तेमाल पूठ गांव में किसी घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

पुलिस अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी

इसके लिए नवीन के निर्देश का इंतजार करने के लिए कहा गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह बवाना थाने का घोषित बदमाश है। उसपर लूटपाट सहित छह मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और इस साजिश में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- सड़कों पर दिल्ली सरकार का 'फोकस', अगले साल 600 किमी सड़कें बनेंगी; इस साल 400 किमी का लक्ष्य