दिल्ली-NCR में लोगों को फिलहाल मिलेगी गर्मी से राहत, सोमवार को हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान कम रहेगा। अधिकतम तापमान 30°C ...और पढ़ें

दिल्ली में सोमवार को बन रहे बारिश के आसार।
HighLights
सोमवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, हल्की वर्षा संभव।
अधिकतम तापमान 30°C, न्यूनतम 16°C रहने का अनुमान।
दिल्ली का AQI 119 (मध्यम), वायु गुणवत्ता में सुधार।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसम के बदले मिजाज के बीच सोमवार को फिर से दिल्ली में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। गर्जन वाले बादले बनने और हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। इससे तापमान कम रहेगा और गर्मी के तेवर भी हल्के ही बने रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 और 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
वहीं रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 29.5 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 94 से 38 प्रतिशत रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री मुंगेशपुर में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रिज क्षेत्र का रिकॉर्ड किया गया।
तापमान में बदलाव के चलते प्रदूषक कणों का जमाव कम
दूसरी ओर मौसम में बदलाव का असर अब हवा की गुणवत्ता पर भी दिखने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई 119 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। राजधानी में पिछले दिनों हवा की रफ्तार में बढ़ोतरी और तापमान में बदलाव के चलते प्रदूषक कणों का जमाव कम हुआ है, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
दिन में हल्की गर्माहट और साफ आसमान भी इस सुधार की बड़ी वजह मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हवा की गति इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में प्रदूषण और कम हो सकता है।