दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, छठ पर हो सकती है बारिश; IMD ने जताया तापमान में गिरावट का अनुमान
दिल्ली का मौसम रविवार को बदल सकता है। IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 15 नवंबर को हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
15 नवंबर को दिल्ली में हल्की बारिश संभव है।
अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव होगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का रुख बदलने वाला है। IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रविवार यानी 15 नवंबर को दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों के मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है।
IMD की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ का असर राष्ट्रीय राजधानी में भी दिख सकता है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार को आसमान के बादल से घिरे रहने की संभावना है। दोपहर से पहले कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की उम्मीद जताई गई है।
दिल्ली में रविवार को बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रविवार को बूंदाबांदी की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं रविवार को तापमान लुढ़क कर 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव की संभावना नहीं है।
कोहरा छाए रहने की उम्मीद
दिल्ली के अधिकांश इलाकों में रविवार को हल्का कोहरा छाए रहने की उम्मीद है, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है। हालांकि, दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 16 नवंबर से आसमान साफ रहेगा, हालांकि उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट की उम्मीद है। महीने के अंत तक राजधानी में ठंड बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।