रामलीला मैदान में प्रोटेस्ट या रैली के लिए बनी नई गाइडलाइन, दिल्ली पुलिस की SOP तैयार; 50000 की लिमिट लगाई
दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रमों के लिए नई एसओपी का मसौदा तैयार किया है। इसके तहत ...और पढ़ें

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली के लिए नई गाइडलाइन तैयार। फोटो: आर्काइव
HighLights
रामलीला मैदान में अधिकतम 50 हजार लोगों की अनुमति।
कार्यक्रमों का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक।
आयोजकों पर भीड़ और पार्किंग प्रबंधन की जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के रामलीला मैदान में अब सार्वजनिक सभाओं और विरोध प्रदर्शनों के आयोजन के लिए नियम और सख्त होने जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने मैदान में होने वाले कार्यक्रमों के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का मसौदा तैयार किया है। इसके तहत किसी भी कार्यक्रम में अधिकतम 50 हजार लोगों को ही शामिल होने की अनुमति देने का प्रस्ताव है।
वहीं, कार्यक्रमों का समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित करने की तैयारी है। इस व्यवस्था का मकसद भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को सुचारु बनाए रखना है।
10 दिन पहले देनी हाेगी एप्लीकेशन
पुलिस के प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने के इच्छुक आयोजकों को सबसे पहले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से मैदान की उपलब्धता की मंजूरी लेनी होगी। इसके बाद ही वे दिल्ली पुलिस से अनुमति मांग सकेंगे।
सामान्य परिस्थितियों में कार्यक्रम से कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना अनिवार्य होगा। इससे पुलिस और संबंधित एजेंसियों को सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
भीड़ और पार्किंग का जिम्मा आयोजक का
नई एसओपी में आयोजकों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। उन्हें भीड़ प्रबंधन के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करना होगा। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग, लोगों को उतारने और बैठाने के लिए निर्धारित स्थानों की व्यवस्था करनी होगी।
सड़कों और आपातकालीन रास्तों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण या अवरोध नहीं होने देना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां आसानी से पहुंच सकें।
सुरक्षा के लिहाज से मैदान में आग्नेयास्त्र, तलवार, भाले, धारदार हथियार और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर रोक का प्रस्ताव है। मैदान के आसपास ड्रोन उड़ाने के लिए भी पूर्व अनुमति लेनी होगी।
पानी, चिकित्सा और सफाई भी जरूरी
आयोजकों को कार्यक्रम के दौरान पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता सुविधाओं और कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था करनी होगी। यानी भीड़ जुटाने के साथ उसकी बुनियादी सुविधाओं की जिम्मेदारी भी आयोजकों की होगी।
पुलिस मुख्यालय भेजा SOP का मसौदा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित एसओपी का मसौदा मंजूरी के लिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। अभी यह शुरुआती चरण में है। सक्षम अधिकारियों की जांच और मंजूरी के बाद ही इसे अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।