विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीरागढ़ी में हिट एंड रन नहीं, खौफनाक हत्या... 60 वर्षीय चौकीदार को कार से दो बार कुचला; CCTV से हुआ खुलासा

Published: Sun, 24 May 2026 05:21 PM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी में एक चौकीदार को सड़क हादसे में मृत पाया गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ ...और पढ़ें

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सांकेतिक तस्वीर

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सांकेतिक तस्वीर 

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरागढ़ी गांव के पास रविवार तड़के सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस मामले को सुबह तक एक दर्दनाक सड़क हादसा समझा जा रहा था, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच के बाद वह सोची-समझी हत्या का मामला निकला।

पुलिस के अनुसार फुटेज के विश्लेषण में पाया गया कि एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने वहां तैनात 60 वर्षीय चौकीदार को एक नहीं, बल्कि दो बार बेरहमी से कुचला। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या की धारा में प्राथमिकी कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

तड़के चार बजे मिली थी दुर्घटना की सूचना 

पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के करीब चार बजे बजे पश्चिम विहार वेस्ट थाने को पीरागढ़ी गांव के टेम्पो स्टैंड (श्री सिद्ध बाबा मंदिर के पास) पर एक जानलेवा हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को बिजेंद्र बेसुध हालत में मिले, जिन्हें डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक बिजेंद्र पीरागढ़ी गांव के ही रहने वाले थे और पिछले काफी समय से इस टेम्पो स्टैंड पर बतौर चौकीदार काम कर रहे थे।

सड़क पर घिसटने के निशान से गहराया शक 

शुरुआती जांच में मामला हिट-एंड-रन का लग रहा था। लेकिन वारदात वाली जगह पर सड़क पर टायरों के घिसटने के गहरे निशान मिले थे। इन निशानों ने पुलिस के मन में संदेह पैदा किया। इसके बाद बाहरी जिला पुलिस और स्थानीय थाने की टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया, तो अधिकारी भी दंग रह गए। फुटेज से साफ हुआ कि यह कोई हादसा नहीं था।

एक चार पहिया वाहन ने जानबूझकर बुजुर्ग बिजेंद्र को निशाना बनाया और उनके ऊपर दो बार गाड़ी चढ़ाई, ताकि उनके बचने की कोई गुंजाइश न रहे। उधर रविवार सुबह ही फारेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) और दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया।

टायरों के निशान और मौके पर बिखरे अन्य साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अब टेम्पो स्टैंड के आसपास के अन्य रूटों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि उस गाड़ी के नंबर और रूट का पता लगाया जा सके।

वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए बाहरी जिले के उपायुक्त के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई हैं। पश्चिम विहार सब-डिवीजन और बाहरी जिला की आपरेशंस यूनिट को आरोपितों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें: PM मोदी की अपील का असर: नमो भारत में 10% तक बढ़ी यात्रियों की संख्या, रिकॉर्ड 3 करोड़ के पार राइडरशिप