SIR का नोटिस मिला तो केंद्रों के चक्कर काट रहे दिल्ली के मतदाता, घर-घर सुनवाई के आदेश बेअसर
दिल्ली में एसआईआर नोटिस पाने वाले मतदाता अभी भी सुनवाई केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, जबकि चुनाव कार्यालय ने बीएलओ ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
बीएलओ को घर-घर सुनवाई के निर्देश, पर मतदाता केंद्रों पर।
लगभग 33 लाख मतदाताओं को एसआईआर नोटिस जारी हुए।
कॉलेजों में नए मतदाताओं के लिए विशेष कैंप लगाए गए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एसआइआर में नोटिस पाने वाले मतदाताओं की परेशानी कम करने के लिए चुनाव कार्यालय ने बीएलओ को घर-घर जाकर सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इसका असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है।
मंगलवार को भी बड़ी संख्या में मतदाता नोटिस और दस्तावेज लेकर सुनवाई केंद्रों पर पहुंचे। मतदाताओं का कहना है कि बीएलओ फोन कर उन्हें दस्तावेज लेकर केंद्र पर ही बुला रहे हैं। ऐसे में घर पर सुनवाई की घोषणा के बावजूद उन्हें केंद्र तक पहुंचना पड़ रहा है।
यहां संबंधित कर्मचारी मिल जाने से उनकी समस्या सुनी जा रही है, जबकि कई मामलों में बीएलओ से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।
33 लाख मतदाताओं को नोटिस
मटिया महल विधानसभा क्षेत्र स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीनत महल और राउज एवेन्यू में सुनवाई की व्यवस्था की गई है। यहां पहुंचे नसीम ने बताया कि उनके जुड़वां बच्चों का जन्म वर्ष 2006 में हुआ था।
यह भी पढ़ें- पूर्व सीईसी रावत और कुरैशी ने एसआईआर पर उठाए सवाल, कहा- फॉर्म-6 में बदलाव अवैध
दोनों के जन्म समय में महज चार मिनट का अंतर है, लेकिन उम्र संबंधी अंतर को लेकर नोटिस जारी हो गया। अब उन्हें दस्तावेज लेकर सुनवाई केंद्र आना पड़ा। वहीं, हर्षा बेगम ने बताया कि उन्होंने आनलाइन नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन बीएलओ से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह केंद्र पहुंचीं।
ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल करीब 97 लाख मतदाताओं में से लगभग 33 लाख को नोटिस जारी किए गए हैं। चुनाव कार्यालय के अनुसार करीब तीन लाख मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। नोटिस के निपटारे के लिए बीएलओ को घर-घर जाकर सुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बावजूद केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने से सवाल उठ रहा है कि घर-घर सुनवाई की व्यवस्था वास्तव में कितनी प्रभावी तरीके से लागू हो रही है।
कॉलेजों में फॉर्म-6 भरवाने के लिए लगा विशेष कैंप
एसआइआर के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए मंगलवार को दिल्ली के विभिन्न कालेजों में विशेष कैंप लगाए गए। बीएलओ की टीमों ने विद्यार्थियों को फार्म-6 भरने की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी।
पहले दिन अधिकांश कालेजों में सात से 10 विद्यार्थियों ने फार्म-6 जमा किए। इसी तरह, आज भी डीयू के कालेजों के साथ जामिया व जेएनयू में कैंप लगेगा। जबकि सात व आठ अक्टूबर को कालेजों में विशेष कैंप लगाने की तैयारी है। जबकि, पोलिंग बूथों पर चार व 11 अक्टूबर को विशेष कैंप लगेंगे।
