विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में अस्थायी वोटर लिस्ट से कटा 47.5 लाख लोगों का नाम, 2.99 लाख लोगों ने भरा नए पंजीकरण का फॉर्म

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:06 PM (IST)

दिल्ली में मसौदा मतदाता सूची से 47.5 लाख नाम हटने के बाद, नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए ...और पढ़ें

दिल्ली मसौदा मतदाता सूची। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली मसौदा मतदाता सूची। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मसौदा सूची से 47.5 लाख नाम हटाए गए।

  2. नए पंजीकरण के लिए 2.99 लाख आवेदन मिले।

  3. अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को होगी प्रकाशित।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत जारी मसौदा मतदाता सूची से करीब 47.5 लाख नाम बाहर होने के बाद नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए करीब तीन लाख आवेदन आ चुके हैं। चुनाव कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, 31 अगस्त से आठ नवंबर तक फार्म-6 के कुल 2,98,940 आवेदन मिले हैं।

इससे पहले 30 अगस्त तक 2,12,400 आवेदन प्राप्त हुए थे। यानी मसौदा मतदाता सूची जारी होने के बाद नए मतदाता बनने के लिए आवेदनों में तेजी आई है।

नए एन्युमरेशन फार्म होंगे तैयार

इस बीच, मसौदा सूची से बाहर हुए सभी 47.5 लाख मतदाताओं को एक और मौका देने के लिए इसी सप्ताह नए एन्युमरेशन फार्म तैयार किए जाएंगे। इनमें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे नाम (एएसडीडी) की श्रेणी में रखे गए मतदाता शामिल हैं।

दिल्ली के भीतर ही एक स्थान से दूसरे स्थान पर चले गए ऐसे मतदाताओं को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा, जिनका नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आया है।

किसे भरना होगा एन्युमरेशन फार्म?

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, जिन मतदाताओं ने एसआइआर प्रक्रिया के दौरान पहले ही नए पंजीकरण के लिए फार्म-6 जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा एन्युमरेशन फार्म भरने की जरूरत नहीं होगी।

वहीं, जिन मतदाताओं ने अपना पता नहीं बदला है, उन्हें भरे हुए एन्युमरेशन फार्म के साथ यह बताना होगा कि पहले चरण में वे फार्म क्यों नहीं जमा कर पाए थे। दिल्ली के भीतर ही दूसरी जगह स्थानांतरित हुए मतदाताओं को नए पते व विधानसभा क्षेत्र की जानकारी देनी होगी।

घर पर पहुंचेंगे अधिकारी

इस प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। जरूरत पड़ने पर पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों, आरडब्ल्यूए और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट से भी जानकारी ली जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी है। इनका निस्तारण 15 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी।

तीन तरह के आवेदनों का ब्योरा

आवेदन 30 अगस्त तक 8 नवंबर तक
फार्म-6 (नया पंजीकरण) 2,12,400 2,98,940
फार्म-7 (नाम हटाने के लिए) 51,471 30,122
फार्म-8 (सुधार/संशोधन) 2,60,768 1,10,628

यह भी पढ़ें- दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, 13 नवंबर तक तैयार होंगे घाट; 14 से 16 तक आंदोलन न करने की अपील

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।