दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, 13 नवंबर तक तैयार होंगे घाट; 14 से 16 तक आंदोलन न करने की अपील
दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारी तेज हो गई है। भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने 14 से 16 नवंबर तक आंदोलन न करने की अपील की है।

दिल्ली के घाटों पर मनेगा छठ पूजा। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
दिल्ली में छठ घाटों की तैयारियां 13 नवंबर तक पूरी होंगी।
हर्ष मल्होत्रा ने 14-16 नवंबर तक आंदोलन न करने की अपील की।
भाजपा कार्यकर्ता छठ घाटों पर सेवा वालंटियर के रूप में तैनात रहेंगे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। छठ महापर्व को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजधानी के सभी छठ घाटों पर तैयारियां 13 नवंबर की शाम तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
खासकर पूर्वी दिल्ली के घाटों पर सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि 14 से 16 नवंबर के बीच छठ महापर्व के दौरान कोई आंदोलन या प्रदर्शन न करें, जिससे व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
छठ तैयारियों को लेकर निरीक्षण
हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को दिल्ली सरकार के प्रवक्ता और लक्ष्मी नगर से विधायक अभय वर्मा और दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के साथ आइटीओ पर छठ तैयारियों का निरीक्षण किया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि छठ आस्था के साथ प्रकृति पूजन का महापर्व है। इसमें स्वच्छता का विशेष महत्व है। सरकार की ओर से घाटों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने घाट की दीवारों पर आस्था से जुड़े सुंदरीकरण कार्यों की सराहना की।
सेवा वालंटियर बनेंगे युवा कार्यकर्ता
उन्होंने बताया कि इस बार भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा के साथ महिला और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी सभी छठ घाटों पर सेवा वालंटियर के रूप में तैनात रहेंगे। ये कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में सहयोग देंगे।
वहीं, विधायक अभय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं छठ महापर्व की तैयारियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। श्रद्धालुओं को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी घाटों को माडल घाट के रूप में विकसित करने का प्रयास है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।