विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में SIR में 10.28 लाख वोटर्स का दस्तावेजों से सत्यापन, अब घर पहुंचकर दस्तावेज जुटाएंगे BLO

Published: Tue, 06 Oct 2026 05:25 AM (IST)

दिल्ली में एसआईआर के तहत 10.28 लाख से अधिक वोटर्स के नाम मैपिंग और तार्किक विसंगतियों वाले मामलों का सत्यापन ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. एसआईआर के तहत 10.28 लाख वोटर्स के मामलों का सत्यापन।

  2. बीएलओ घर-घर जाकर दस्तावेज एकत्र कर ईसीआई नेट पर अपलोड करेंगे।

  3. अंतिम मतदाता सूची 4 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एसआईआर के तहत नाम मैपिंग नहीं होने और तार्किक विसंगतियों से जुड़े 10,28,407 वोटर्स के मामलों का दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन किया जा चुका है।

सीइओ कार्यालय के अनुसार इन वोटर्स से प्राप्त दस्तावेजों की जांच के बाद मामलों का निपटारा किया जा रहा है। नोटिस पाने वाले मतदाताओं को अब दस्तावेज जमा कराने के लिए ईआरओ या एईआरओ कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे।

बीएलओ संबंधित मतदाता के घर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे और उन्हें ईसीआई नेट पर अपलोड करेंगे। इसके बाद ईआरओ दस्तावेजों के आधार पर मामले में निर्णय लेंगे। केवल विशेष परिस्थितियों में ही सुनवाई की जरूरत होगी।

ऐसी सुनवाई भी ईआरओ के निर्णय के आधार पर प्राथमिकता के साथ आनलाइन कराने की व्यवस्था की गई है। एसआइआर के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर है, जबकि नोटिस तथा दावे- आपत्तियों का निपटारा 30 नवंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची चार दिसंबर को प्रकाशित होगी।

11 अक्टूबर को फिर सभी पोलिंग स्टेशनों पर विशेष कैंप

एसआईआर से जुड़े सवालों के जवाब और फार्म जमा कराने के लिए 11 अक्टूबर को दिल्ली के सभी पोलिंग स्टेशनों पर फिर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। वहीं, युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 7 और 8 अक्टूबर को दिल्ली के कालेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग ने किया राहुल गांधी के दावे का फैक्ट चेक, फॉर्म 6 में बदलाव को बताया भ्रामक

एक अक्टूबर तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा इन कैंप में फार्म- 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे।

एसआईआर में फार्म- 6 के लिए मिले 1.90 लाख आवेदन

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। चार अक्टूबर तक फार्म- 6 के 1,90,133 आवेदन मिले हैं। वहीं, 31 अगस्त से पहले प्राप्त 2,12,400 आवेदनों को जोड़ने पर अब तक फार्म-6 के कुल 4,02,533 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

31 अगस्त से चार अक्टूबर के बीच नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सबसे ज्यादा आवेदन पश्चिमी जिले से 23,420 मिले हैं। इसके बाद उत्तर- पश्चिम से 20,165, दक्षिण-पूर्व से 18,831, पूर्व से 18,487, उत्तर-पूर्व से 17,831, दक्षिण- पश्चिम से 16,538 और दक्षिण जिले से 15,876 आवेदन आए हैं।

वहीं, उत्तर से 14,273, आउटर नार्थ से 13,193, सेंट्रल नार्थ से 11,800, सेंट्रल से 8,470, ओल्ड दिल्ली से 7,988 और नई दिल्ली से 3,261 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

संशोधन के लिए फार्म- 8 के 69 हजार आवेदन

इसी अवधि में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फार्म-7 के 5,020 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 के 69,817 आवेदन आए हैं। फार्म-6ए के तहत भी 356 आवेदन मिले हैं।

31 अगस्त से पहले मिले आवेदनों को जोड़ने पर अब तक फार्म- 6ए के 1,707, फार्म-7 के 56,491 और फार्म-8 के 3,30,585 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इस तरह एसआइआर प्रक्रिया के दौरान नए नाम जोड़ने के साथ-साथ मौजूदा मतदाता सूची में सुधार और नाम हटाने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- SIR के फार्म-6 पर बढ़ी सियासी तकरार, 2025 का आदेश 2026 में भी बरकरार; Inside Story