दिल्ली में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच 20 दिन तक लोगों को सतर्क रहने की जरूरत! तेजी से फैल रहा ये बीमारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक नया वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसमें मरीजों को बुखार, गले में खराश ...और पढ़ें

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक नया वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में इन दिनों ऐसा वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसमें मरीजों को पहले बुखार, गले में खराश, खांसी और शरीर दर्द होता है, लेकिन बुखार ठीक होने के बाद भी खांसी 15 से 20 दिन तक बनी रहती है। दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में प्रतिदिन इस तरह की शिकायतें लेकर 500 से अधिक मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार यह इन्फ्लुएंजा जैसे मौसमी वायरल संक्रमण का प्रभाव है, जिसमें ‘पोस्ट-वायरल कफ’ आम हो गया है।
लोक नायक अस्पताल के स्वास्थ्य निदेशक डॉ. बीएल चौधरी ने बताया कि इस संक्रमण के आरंभिक दो से पांच दिन तक बुखार और बदन दर्द के साथ खांसी और गले में खराश रहती है।
पर, बुखार उतरने के बाद भी वायरस के असर से श्वसन तंत्र में सूजन बनी रहने के कारण खांसी लंबे समय तक परेशान करती है। कई मरीजों में सीने में जलन और गले में चुभन की शिकायत भी देखी जा रही है।
प्रमुख लक्षण
- दो से पांच दिन तक बुखार
- गले में खराश और जलन
- सूखी या बलगम वाली खांसी
- सीने में भारीपन या जलन
- कमजोरी और थकान
लंबी चल रही खांसी
चिकित्सकों के अनुसार बुखार खत्म होने के बाद भी प्रदूषण और एलर्जी भी खांसी को बढ़ा देते हैं।
कैसे करें बचाव
- मास्क का इस्तेमाल करें, खासकर प्रदूषण में
- भाप और गरारे नियमित करें
- पर्याप्त पानी पिएं
- आराम करें और इम्युनिटी मजबूत रखें
- बिना सलाह दवा लेने से बचें
- खांसी बहुत ज्यादा बढ़े, सांस लेने में दिक्कत हो या बुखार दोबारा आए, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें
यह भी पढ़ें: दिल्ली में अब घर खरीदना और बनाना होगा आसान, राजधानी में टीओडी नीति को केंद्र की मंजूरी
