डीयू लिटरेचर फेस्टिवल 2.0 का एलान, देश के नामी लेखकों के साथ लोक नाट्यों को भी मिलेगा मंच; जानें तारीख
दिल्ली विश्वविद्यालय का दूसरा साहित्य महोत्सव 12 से 14 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा, जिसमें प्रसिद्ध लेखक, कवि और भारतीय लोक नाट्य शामिल होंगे।

दिल्ली विश्वविद्यायालय में फरवरी में होगा दूसरा साहित्य महोत्सव। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दूसरे साहित्य महोत्सव (डीयूएलएफ 2.0) का आयोजन 12 से 14 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
इस बार साहित्य महोत्सव में देश के नामी लेखकों, कवियों और मीडिया जगत की हस्तियों के साथ भारतीय लोक नाट्यों को भी मंच मिलेगा। साथ ही देश का मान बढ़ाने वाली हस्तियों को सम्मानित करने की भी तैयारी है।
12 से 14 फरवरी तक होगा आयोजन
गुरुवार को कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित साहित्य महोत्सव समिति की पहली बैठक में आयोजन की तारीख और तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
कुलगुरु ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित पहला साहित्य महोत्सव सफल रहा था। इस बार इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन लोगों ने देश का मान बढ़ाया है, उन्हें भी महोत्सव के दौरान सम्मानित किया जाए।
देशहित और सामाजिक सौहार्द पर रहेगा जोर
कुलगुरु ने आयोजन में डीयू के विद्यार्थियों के साथ सभी कॉलेजों और शिक्षण विभागों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि महोत्सव की गतिविधियां देशहित को ध्यान में रखकर होनी चाहिए और सामाजिक सौहार्द व राष्ट्रीय हित के विपरीत कोई कार्यक्रम शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
पुस्तक विमोचन और साहित्यिक संवाद होंगे
महोत्सव के कन्वीनर अनूप लाठर ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में देशभर के प्रसिद्ध लेखक, कवि और साहित्यकार हिस्सा लेंगे। इस दौरान पुस्तक विमोचन, पुस्तक चर्चाएं और साहित्यिक संवाद आयोजित होंगे। भारतीय लोक नाट्य भी इस बार विशेष आकर्षण होंगे।
कार्यक्रम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मल्टीपर्पज हॉल, रग्बी ग्राउंड, सर शंकर लाल हॉल और आर्ट्स फैकल्टी के वंदेमातरम हॉल में आयोजित किए जाएंगे। बैठक में प्रो. रजनी अब्बी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बाहर से ज्यादा खतरनाक है आपके घर की हवा, दिल्ली में AQI को लेकर स्टडी में बड़ा खुलासा