Delhi University का दुनियाभर में बढ़ा क्रेज, 93 देशों से पहुंचे आवेदन; 74 विदेशी शोधार्थियों ने भी लिया दाखिला
DU का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, जहां 93 देशों से 9,000 से अधिक आवेदन मिले और 74 विदेशी ...और पढ़ें

Delhi university में वर्तमान में 2,000 से अधिक विदेशी विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में पढ़ाई कर रहे हैं।
HighLights
93 देशों से 9,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
पहली बार 74 विदेशी शोधार्थियों ने पीएचडी में दाखिला लिया।
एनआईआरएफ और क्यूएस रैंकिंग में डीयू की स्थिति सुधरी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। छह लाख से अधिक विद्यार्थियों की पढ़ाई, देश-विदेश में बढ़ती पहचान, शोध की गुणवत्ता और रोजगार के अवसरों के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) तेजी से अपना दायरा बढ़ा रहा है।
डीयू का आकर्षण अब देश की सीमाओं से बाहर भी बढ़ रहा है। विश्वविद्यालय की 103वीं वार्षिक रिपोर्ट (2025-26) के मुताबिक, डीयू में दाखिले के लिए 93 देशों से 9,000 से अधिक आवेदन मिले। वर्तमान में 2,000 से अधिक विदेशी विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में पढ़ाई कर रहे हैं।
74 विदेशी शोधार्थियों ने भी दाखिला लिया
खास बात यह है कि पहली बार पीएचडी कार्यक्रमों में 74 विदेशी शोधार्थियों ने भी दाखिला लिया है। इससे डीयू की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पहचान मजबूत होने का संकेत मिलता है। विश्वविद्यालय में नियमित, एसओएल और एनसीवेब को मिलाकर कुल 6,41,148 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
रैंकिंग और शोध के क्षेत्र में सुधार के साथ विदेशी विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या डीयू के वैश्विक विस्तार को दर्शाती है विश्वविद्यालय में नियमित, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) और एनसीवेब को मिलाकर 6,41,148 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी डीयू की ओर विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है।
डीयू एनआईआरएफ 2026 में विश्वविद्यालय श्रेणी में पांचवें स्थान पर
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) 2026 में डीयू विश्वविद्यालय श्रेणी में छठे से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय ने अपनी स्थिति बेहतर करते हुए 2026 में 322वीं रैंक हासिल की, जबकि पिछले वर्ष यह 328वें स्थान पर था।
हालांकि, वैश्विक स्तर पर शीर्ष विश्वविद्यालयों के बीच जगह बनाने के लिए डीयू को अभी शोध की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग पर और काम करना होगा।
शोध में बढ़ोतरी, लेकिन गुणवत्ता की चुनौती
डीयू में शोध प्रकाशनों की संख्या में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। स्कोपस इंडेक्स्ड जर्नल में प्रकाशित शोधपत्रों की संख्या 4,120 से बढ़कर 4,618 हो गई।
वहीं, विश्वविद्यालय का एच-इंडेक्स 286 से बढ़कर 309 पहुंच गया। यह शोध गतिविधियों में बढ़ोतरी का संकेत है। दूसरी ओर, इन शोधों का समाज, उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में कितना व्यावहारिक प्रभाव पड़ रहा है, यह भी विश्वविद्यालय के प्रदर्शन का अहम पैमाना होगा।
विश्वविद्यालय सूरजमल विहार में ईस्ट कैंपस, द्वारका सेक्टर-22 में वेस्ट कैंपस और नजफगढ़ में वीर सावरकर कालेज का निर्माण करा रहा है। इन परियोजनाओं से शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।
इन काेर्स में ले रहे विदेशी छात्र प्रवेश
- स्नातक में बीए ऑनर्स इकोनामिक्स, बीकाॅम (प्रोग्राम), बीकाॅम ऑनर्स में दिलचस्पी ले रहे।
- स्नातकोत्तर में एमबीए (फुल टाइम), एमबीए फाइनेंस, एमबीए बिजनेस इकोनाॅमिक्स विदेशी छात्रों की पसंदीदा कोर्स बने।
- इसके अलावा विदेशी विद्यार्थियों की पीएचडी, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और एडवांस डिप्लोमा कार्यक्रमों में भी रूचि देखी जा रही है।
- कानून, प्राकृतिक विज्ञान, इंजीनियरिंग, सामाजिक विज्ञान, काॅमर्स और बिजनेस स्टडीज, मैनेजमेंट, संगीत और ललित कला व पत्रकारिता आदि।
यह भी पढ़ें- एयरलाइन कर्मचारियों के दुर्व्यवहार पर विशेष नियम बनाने की मांग खारिज, दिल्ली HC ने क्या कहा?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।