इस वजह से टॉप 100 से बाहर हुई डीयू, छात्र मायूस
क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में दिल्ली विश्वविद्यालय शीर्ष 100 से बाहर होकर 106वें स्थान पर आ गया है। अकादमिक ...और पढ़ें

टॉप 100 से बाहर हुई दिल्ली यूनिवर्सिटी ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
डीयू क्यूएस एशिया रैंकिंग में 95 से 106वें स्थान पर खिसका।
अकादमिक प्रतिष्ठा, अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव में कमी बनी गिरावट की वजह।
शोध प्रभाव, वैश्विक पहचान मजबूत करना अब विश्वविद्यालय की चुनौती।
निहाल सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) एशिया के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों की सूची से बाहर हो गया है। क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में डीयू 95वें स्थान से खिसककर 106वें स्थान पर पहुंच गया है।
इस गिरावट के पीछे केवल दूसरे विश्वविद्यालयों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा ही नहीं, बल्कि अकादमिक प्रतिष्ठा, रोजगार देने वाली कंपनियों के बीच पहचान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित जुड़ाव जैसे संकेतक भी अहम हैं।
भारतीय विश्वविद्यालय का गिरा प्रदर्शन
क्यूएस के ताजा विश्लेषण के अनुसार, अकादमिक प्रतिष्ठा को रैंकिंग में 30 प्रतिशत और नियोक्ताओं की प्रतिष्ठा को 20 प्रतिशत महत्व दिया जाता है। इस वर्ष इन दोनों संकेतकों में बड़ी संख्या में भारतीय विश्वविद्यालयों का प्रदर्शन गिरा है।
विदेशी छात्रों और शोध सहयोग पर ध्यान जरूरी
रैंकिंग में विदेशी छात्रों की संख्या और छात्र विनिमय कार्यक्रम भी शामिल हैं। इस वर्ष 85 प्रतिशत भारतीय विश्वविद्यालयों के विदेशी छात्र संबंधी संकेतक, 91 प्रतिशत के विदेशी छात्रों के आगमन और 89 प्रतिशत के विदेश जाने वाले छात्रों के विनिमय संकेतक में गिरावट दर्ज की गई। इससे अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भारतीय विश्वविद्यालयों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।
शोध के मामले में भी केवल अधिक शोधपत्र प्रकाशित करना पर्याप्त नहीं है। शोधपत्रों को दूसरे शोधकर्ताओं द्वारा कितना उद्धृत किया जाता है, यह भी महत्वपूर्ण है। एशिया के शीर्ष 50 विश्वविद्यालयों में शोधपत्रों के उद्धरण के मामले में केवल तीन भारतीय संस्थान शामिल हैं।
प्रतिस्पर्धा भी बड़ी वजह
इस बार रैंकिंग में 195 नए विश्वविद्यालय शामिल हुए हैं और कुल 1,722 संस्थानों को जगह मिली है। ऐसे में दूसरे संस्थानों की प्रगति भी डीयू की रैंक पर असर डाल सकती है। अब विश्वविद्यालय के सामने चुनौती शोध के प्रभाव, अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और वैश्विक अकादमिक पहचान मजबूत करने की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।