दिल्ली के जाफराबाद में युवक को अगवा कर चाकू से हमला करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, एक फरार
दिल्ली के जाफराबाद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को अगवा कर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों मोहम्मद अब्बास और समीर को गिरफ्तार किया है।

घटनास्थल पर पहुंची दिल्ली पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
जाफराबाद में युवक को अगवा कर चाकू से हमला किया गया।
पुरानी रंजिश के चलते मोहम्मद अब्बास और समीर गिरफ्तार हुए।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर भी बरामद किया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में पुरानी रंजिश के चलते युवक को अगवा कर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अब्बास उर्फ छमिया और समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर भी बरामद कर लिया है। मामले में तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे असलम राशिद बिरयानी के पास जाफराबाद में मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर अब्बास उर्फ छमिया, समीर उर्फ बाबू और शाकिर पहुंचे।
पुरानी रंजिश को लेकर दी धमकी
जांच में पता चला कि तीनों असलम को पहले से जानते थे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। अब्बास ने करीब डेढ़ साल पहले ब्लेड से हमला करने की पुरानी रंजिश को लेकर उसे धमकी दी।
असलम ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन तीनों ने उसे पकड़ लिया। अब्बास ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया, जबकि बाकी दोनों उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ब्रह्मपुरी की गली नंबर 21 ले गए।
जीटीबी अस्पताल रेफर किया
वहां तीनों ने मिलकर असलम पर चाकू से हमला कर दिया। उसके गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल किसी राहगीर की मदद से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचा, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
इस मामले में जाफराबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान मोहम्मद अब्बास उर्फ छमिया को 20 नवंबर और समीर को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस तीसरे आरोपी शाकिर की तलाश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।