विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बारिश और दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट के चलते भीषण जाम, ITO से लेकर आश्रम तक थम गईं गाड़ियां 

Published: Fri, 30 Oct 2026 11:44 PM (IST)

दिल्ली में हल्की बारिश और दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम के कारण शुक्रवार को यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। आईटीओ, ...और पढ़ें

जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में म्यूजिक कान्सर्ट के कारण स्टेडियम के आसपास मुख्य मार्गों पर लगा जाम। फोटो: हरीश कुमार

जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में म्यूजिक कान्सर्ट के कारण स्टेडियम के आसपास मुख्य मार्गों पर लगा जाम। फोटो: हरीश कुमार

HighLights

  1. हल्की वर्षा से दिल्ली की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

  2. दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम से ट्रैफिक दबाव बढ़ा।

  3. प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। शुक्रवार को हल्की वर्षा के बीच दिल्ली की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सुबह से देर शाम तक आईटीओ, आश्रम, सराय काले खां, लाजपत नगर और लोधी रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

वहीं, जेएलएन स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम के चलते दक्षिणी दिल्ली में ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया।

traffic jam 1

बारिश के कारण सुबह से ही सड़कों पर रेंगते रहे वाहन

सुबह कार्यालय जाने के समय सबसे ज्यादा परेशानी हुई। वर्षा के कारण यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई और प्रमुख चौराहों व मार्गों पर वाहनों की कतारें लग गईं। कई जगह वाहन चालकों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लगा।

दक्षिणी दिल्ली में सराय काले खां से आश्रम और निजामुद्दीन की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। लाजपत नगर और आउटर रिंग रोड पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही।

आईटीओ से लोधी रोड तक जाम से जूझे लोग

मध्य दिल्ली में आईटीओ और लुटियंस दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। सराय काले खां, आश्रम चौक, लाजपत नगर, निजामुद्दीन और लोधी रोड समेत कई इलाकों में वाहन चालकों को परेशानी हुई। सुबह शुरू हुआ जाम का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।

दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम से बढ़ा ट्रैफिक दबाव

शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने दोपहर एक बजे से मध्यरात्रि तक स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए।

इनमें भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, बारापुला फ्लाईओवर और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कें शामिल थीं।

traffic jam 2

स्टेडियम के आसपास पार्किंग पर रोक

यातायात पुलिस ने स्टेडियम के आसपास आम लोगों के लिए पार्किंग की अनुमति नहीं दी। गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के लिए टोइंग क्रेन तैनात की गईं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से पहुंचने की सलाह दी गई।

यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से गूंज उठा जेएलएन स्टेडियम, गानों पर मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर थिरके हजारों फैंस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।