केवल क्रूज के सहारे नहीं चमकेगा दिल्ली का पर्यटन, शहर की ब्रांडिंग और मास्टर प्लान पर करना होगा काम
दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केवल यमुना क्रूज पर्याप्त नहीं है, इसके लिए व्यापक मास्टर प्लान की जरूरत है। इसके लिए दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग करनी होगी।

यमुना क्रूज का सफर। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
यमुना क्रूज के साथ व्यापक पर्यटन मास्टर प्लान आवश्यक।
ऐतिहासिक विरासत, खानपान, रात्रिकालीन गतिविधियों को जोड़ना।
दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग और सौंदर्यीकरण पर जोर।
वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना में क्रूज चलाने की पहल महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन केवल इसके सहारे राजधानी को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षक पर्यटन केंद्र नहीं बनाया जाना संभव नहीं है।
इसके लिए दिल्ली को एक व्यापक पर्यटन मास्टर प्लान की जरूरत है। इसमें ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक स्थल, यमुना के किनारे, खानपान, मनोरंजन और रात्रिकालीन गतिविधियों को एक साथ जोड़कर पर्यटन के नए अवसर विकसित करने होंगे।
कई योजनाओं पर चल रहा काम
हालांकि पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर्यटन के क्षेत्र में अगले कुछ माह में बड़े बदलाव सामने आने की बात करते हैं। उनकी मानें तो कई योजनाओं पर काम चल रहा है, यमुना में क्रूज से इनके जमीन पर उतरने की शुरुआत हो चुकी है। पिछले सालों की अपेक्षा पर्यटन को लेकर बेहतर हालात की भी वह बात करते हैं।
दिल्ली के बजट में पर्यटन को प्रमुखता
सरकार ने दिल्ली के 2026-27 के बजट में पर्यटन को प्रमुखता दी है कि इस विभाग के लिए 412 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। इसमें दिल्ली की ब्रांडिंग और पर्यटन मास्टर प्लान को आगे बढ़ाने के लिए 50 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
शहर के सुंदरीकरण और बुनियादी सुविधाओं के लिए भी 300 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया, मगर जमीन पर उस तरह से काम होता अभी तक नजर नहीं आ रहा है।
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों की मानें तो दिल्ली में पर्यटकों को आकर्षित करने की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इनका व्यवस्थित ढंग से इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है।
दिल्ली में कई ऐतिहासिक स्थल
राजधानी में लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, पुराना किला और कई अन्य ऐतिहासिक स्थल हैं। इसके बावजूद पर्यटकों को इन स्थलों के अलावा शहर के दूसरे आकर्षणों से जोड़ने की कोई समग्र व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है।
इसके लिए दिल्ली की अलग पहचान बनाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग करनी होगी। इसके लिए गुजरात की तर्ज पर दिल्ली की ब्रांडिंग की सरकार की योजना है। मगर यह योजना भी अभी जमीन पर नहीं उतर सकी है।
पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने की जरूरत
सबसे पहले ऐतिहासिक स्मारकों के आसपास के क्षेत्रों का सुंदरीकरण, बेहतर संकेतक, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। हेरिटेज वाक के जरिये पुरानी दिल्ली की गलियों, ऐतिहासिक इमारतों और खानपान की संस्कृति से पर्यटकों को परिचित कराए जाने की योजना पर जाेर देने की जरूरत है।
यमुना नदी किनारे हरित क्षेत्र, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, बैठने की जगह, खानपान के केंद्र और मनोरंजन गतिविधियां विकसित की जा सकती हैं। इससे क्रूज पर्यटन को भी व्यापक आधार मिलेगा। इसके अलावा संग्रहालयों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें अधिक आकर्षक बनाया जा सकता है। दिल्ली में नाइट टूरिज्म की भी काफी संभावनाएं हैं।
मगर इस योजना को गति नहीं मिल सकी है। सबसे बड़ी बात है कि दिल्ली में ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था बनाने की जरूरत है कि पर्यटक दिल्ली में आने पर अपने को ठगा सा महसूस न करे और न ही दलाल उन्हें ठगने की कोशिश कर पाएं।
पहले से बेहतर हुई है पर्यटन की स्थिति
पूर्व की आप सरकार से वर्तमान सरकार की तुलना करें तो अब केंद्र, दिल्ली आैर नगर निगम में एक ही पार्टी की सरकार हाेने से इसके बेहतर परिणाम सामने जरूर आने लगे हैं। दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई स्तरों पर पहल हुई हैं। डीडीए ने असिता और बांसेरा जैसे हरित स्थलों को विकसित किया है।
भारत दर्शन पार्क और शहीदी पार्क, वेस्ट टू वंडर पार्क में लोहे के कबाड़ से बनी देश के प्रमुख स्मारकों की प्रतिकृतियां और इतिहास के प्रसंगों पर बनी प्रतिकृतियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को गोलियों से भूना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।