विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दी में बेघरों को मिलेगी राहत, दिल्ली में लगेंगे 400 अतिरिक्त वॉटरप्रूफ टेंट; 4 हजार लोगों को मिलेगा आश्रय

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:02 PM (IST)

दिल्ली सरकार ने सर्दी में बेघर लोगों को राहत देने के लिए इंतजाम शुरू किए हैं। राजधानी में 400 अतिरिक्त ...और पढ़ें

वॉटरफ्रूफ टेंट। फोटो-जागरण

वॉटरफ्रूफ टेंट। फोटो-जागरण

HighLights

  1. दिल्ली में 400 अतिरिक्त वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएंगे।

  2. 4000 और बेघर लोगों को आश्रय मिलेगा।

  3. 15 बचाव टीमें रात में बेघरों को आश्रय देंगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में सर्दी के दौरान खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेघर और जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार ने इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड की शीतकालीन कार्ययोजना 2026-27 के तहत राजधानी में करीब 400 अतिरिक्त वॉटरप्रूफ और अग्निरोधी टेंट लगाए जाएंगे। इनमें लगभग चार हजार और लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी।

बेघर लोगों के लिए रैन बसैरा

इसके बाद दिल्ली में बेघर लोगों के लिए आश्रय स्थलों (रैन बसेरों) की कुल क्षमता बढ़कर 11 हजार से अधिक हो जाएगी।डूसिब की कार्ययोजना के अनुसार, फिलहाल दिल्ली में करीब 197 आश्रय गृह संचालित हैं, जिनकी कुल क्षमता 7,092 लोगों की है। इनमें 82 आश्रय गृह स्थायी पक्के भवनों में और 115 पोर्टा केबिन के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।

सर्दी के दौरान बेघर लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त 400 पैगोडा टेंट ऐसे स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां खुले में रहने वाले लोगों की संख्या अधिक है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या और बढ़ाई जा सकती है।

रात में चलेंगी 15 बचाव टीमें

शीतकालीन कार्ययोजना 15 नवंबर से लागू हो गई है और 15 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत बेघर लोगों को सड़कों, पार्कों और खुले स्थानों से नजदीकी आश्रय गृहों तक पहुंचाने के लिए 15 बचाव टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक काम करेंगी। प्रत्येक टीम में एक वाहन, चालक और दो कर्मचारी होंगे। जरूरत पड़ने पर लोगों को अस्पताल भी पहुंचाया जाएगा।

24 घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष

बचाव अभियान की निगरानी के लिए आइपी एस्टेट स्थित पुनर्वास भवन में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां चौबीसों घंटे शिकायतें और सूचनाएं प्राप्त की जाएंगी। हेल्पलाइन और मोबाइल एप के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित बचाव टीमों को मौके पर भेजा जाएगा।

आश्रय गृहों में बिस्तर, गद्दे, कंबल, चादर, तकिया, पेयजल, शौचालय, बिजली और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जहां व्यवस्था होगी, वहां सर्दी में गर्म पानी भी दिया जाएगा। महिला आश्रय गृहों में प्रत्येक पाली में महिला सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगी। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं के समन्वय के लिए एम्स, सफदरजंग और एलएनजेपी सहित प्रमुख अस्पतालों के प्रतिनिधियों को भी समिति में शामिल किया गया है।

यह भी पढ़ें- कौन चला रहा लॉरेंस बिश्नोई का नेटवर्क? साबरमती जेल के मुलाकातियों की कुंडली खंगालेगी दिल्ली पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।