दिल्ली से गाजियाबाद का सफर होगा सुपरफास्ट, कश्मीरी गेट तक सिग्नल फ्री होगा जीटी रोड; बनेंगे 4 यू-टर्न
दिल्ली की व्यस्त जीटी रोड को दिलशाद गार्डन से कश्मीरी गेट तक सिग्नल-फ्री बनाने की योजना है। इसके तहत दिलशाद गार्डन के दो सिग्नल बंद कर यू-टर्न बनेंगे और वेलकम पर लिफ्ट वाला फुट ओवरब्रिज बनेगा, जिससे जाम कम होगा।

दिलशाद गार्डन से कश्मीरी गेट तक की सड़क होगी सिग्नल फ्री। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिलशाद गार्डन के दो सिग्नल बंद होंगे, यू-टर्न बनेंगे।
वेलकम पर लिफ्ट वाला फुट ओवरब्रिज बनेगा, सिग्नल हटेगा।
गाजियाबाद-दिल्ली आवाजाही के लिए यातायात सुगम होगा।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल जीटी रोड पर जाम से निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव की योजना बनाई है।
दिलशाद गार्डन से कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक जीटी रोड को सिग्नल फ्री बनाने की तैयारी है। इसके तहत दिलशाद गार्डन के दो ट्रैफिक सिग्नल बंद किए जाएंगे।
इन दोनों सिग्नलों के आसपास चार यू-टर्न बनाए जाएंगे, ताकि एक दिशा से आने वाले वाहनों को दूसरी दिशा में जाने के लिए सुविधा मिल सके और मुख्य सड़क पर वाहनों का प्रवाह बाधित न हो।
उधर, वेलकम पर भी पैदल यात्रियों के लिए चलने वाले सिग्नल को बंद कर यहां फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा।
सुबह और शाम को रहता है दबाव
जीटी रोड दिल्ली और गाजियाबाद के बीच आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले करीब एक से डेढ़ लाख वाहन रोजाना इस मार्ग से गुजरते हैं।
सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव अधिक होने से दिलशाद गार्डन और चिंतामणि चौक के आसपास यातायात बाधित होता है।
दरअसल, दिलशाद गार्डन के बाद शाहदरा फ्लाईओवर, वेलकम फ्लाईओवर, सीलमपुर और शास्त्री पार्क फ्लाईओवर होते हुए वाहन सीधे कश्मीरी गेट पहुंच जाते हैं। पूरे मार्ग में तीन ट्रैफिक सिग्नल हैं जिनमें दो दिलशाद गार्डन और चिंतामणि और तीसरा वेलकम पर है।
दो सिग्नल बंद कर बनाए जाएंगे चार यू-टर्न
तीनों सिग्नल पर वाहनों को रुकना पड़ता है, जिससे पीछे तक वाहनों की कतार लग जाती है। अब पहले दोनों सिग्नलों को बंद कर यू-टर्न बनाकर यहां से ट्रैफिक गुजारा जाएगा।
वेलकम में बनेगा लिफ्ट वाला फुट ओवरब्रिज
जीटी रोड पर वेलकम कट पर पैदल यात्रियों को सड़क पार कराने के लिए यातायात सिग्नल चलाना पड़ता है। इस दौरान वाहनों को रुकना पड़ता है, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित होता है।
इस समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी वेलकम में 3.97 करोड़ की लागत से फुट ओवरब्रिज बनाएगा। एफओबी में बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी।
पूर्वी रेंज की डीसीपी ट्रैफिक श्वेता चौहान ने बताया कि सभी सड़कों को सिग्नल फ्री कर ट्रैफिक के बेहतर संचालन का प्रयास जारी है। जाम कम करने की दिशा में ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्यरत है।
अन्य सड़कों को भी सिग्नल फ्री करने की जरूरत
जीटी रोड से पहले विकास मार्ग, स्वामी दयानंद मार्ग के एक हिस्से को भी सिग्नल फ्री किया जा चुका है। पिछले दिनों भारतेंदु हरिश्चंद्र मार्ग को भी कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक सिग्नल फ्री किया गया था।
हालांकि स्वामी दयानंद मार्ग के कड़कड़ी मोड़ से गाजीपुर तक के हिस्से पर अभी भी वाहनचालक जाम से जूझ रहे हैं। इसे जाम फ्री किए जाने की जरूरत है। इसके अलावा सीमापुरी से स्वामी दयानंद अस्पताल तक भी रोड को सिग्नल फ्री करने की आवश्यकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।