विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 28.61 रुपये में खरीदी गई 8वीं की किताब, शिक्षा मंत्री बोले- AAP सरकार में 55 रुपये थी छपाई की लागत

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:10 AM (IST)

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की कीमत और गुणवत्ता पर सियासी घमासान तेज हो गया है। शिक्षा मंत्री आशीष ...और पढ़ें

दिल्ली सचिवालय में प्रेस वार्ता करते शिक्षा मंत्री आशीष सूद। सौजन्य : दिल्ली सरकार

दिल्ली सचिवालय में प्रेस वार्ता करते शिक्षा मंत्री आशीष सूद। सौजन्य : दिल्ली सरकार

HighLights

  1. शिक्षा मंत्री ने पाठ्यपुस्तक खरीद में घोटाले के आरोप खारिज किए।

  2. वर्तमान सरकार ने 28.61 रुपये में खरीदी 8वीं की किताब।

  3. आप सरकार ने समान पुस्तक पर 55 रुपये खर्च किए थे।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को दी जाने वाली पाठ्यपुस्तकों की कीमत, आकार और छपाई की गुणवत्ता को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के किताब खरीद में घोटाले के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने कम कीमत पर किताबें खरीदी हैं।

उन्होंने पत्रकारों के सामने किताबों की प्रतियां, निविदा और कार्यादेश से जुड़े दस्तावेज पेश किए।

दिल्ली सरकार ने किताब 28.61 रुपये प्रति की दर से खरीदी

कक्षा आठ की हिंदी की जिस मल्हार पुस्तक की कीमत को लेकर आप सवाल उठा रही है, मंत्री सूद ने इसकी खरीद से संबंधित निविदा के दस्तावेज सार्वजनिक कर बताया कि उनकी सरकार ने यह किताब 28.61 रुपये प्रति की दर से खरीदी है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई के नियमों के कारण अब किताबों के आकार में कुछ अंतर आया है।

आप सरकार ने प्रति किताब खर्च किए थे 55 रुपये 

मंत्री ने वर्ष 2022 की मल्हार पुस्तक के समान आकार की गृह विज्ञान की पुस्तक से संबंधित दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि आप सरकार ने उसकी छपाई पर प्रति किताब 55 रुपये खर्च किए थे।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय जिन पुस्तकों की अधिकतम कीमत 110 से 133 रुपये तक थी, उनकी वर्तमान खरीद में कीमत 50 से 76 रुपये के बीच है।

मंत्री ने कहा कि कक्षा आठ की पुस्तक की पिछली सरकार की अधिकतम कीमत 110 रुपये के मुकाबले अब 50.38 रुपये, कक्षा सात की 103 रुपये के मुकाबले 75.88 रुपये और कक्षा छह की 133 रुपये के मुकाबले 57.76 रुपये है।

जल्द कोविड घोटाले का भी खुलासा करने का दावा

सूद ने 17 अगस्त और छह सितंबर 2023 को तत्कालीन शिक्षा सचिव के पत्रों का हवाला देकर पिछली सरकार के समय किताबों की छपाई और गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने गलत जानकारी फैलाने वाले आप नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

साथ ही, आप सरकार के कार्यकाल से जुड़े कथित 5,400 करोड़ रुपये के क्लासरूम, 500 करोड़ के सीसीटीवी, 500 करोड़ के ईडब्ल्यूएस और 1,000 करोड़ रुपये के कोविड घोटाले के आरोपों को जल्द जनता के सामने लाने की बात कही है।

आप ने फिर बोला सरकार पर हमला

मंत्री सूद की प्रेसवार्ता के बाद आम आदमी पार्टी ने फिर आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार की ओर से वितरित किताबें राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की मूल पुस्तकों से आकार में छोटी हैं। उन्होंने छपाई की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए किताबें देरी से वितरित किए जाने की भी बात कही साथ ही ठेेकेदार के भुगतान से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- 4 साल बाद अचानक दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह; बंद कमरे की बैठक में क्या-क्या हुआ?

यह भी पढ़ें- दिल्ली: एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाली छात्रा पकड़ी गई, छुट्टी के लिए भेजी थी ईमेल