4 साल बाद अचानक दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह; बंद कमरे की बैठक में क्या-क्या हुआ?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा कर राजधानी की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने वरिष्ठ ...और पढ़ें

अमित शाह। फाइल फोटो
HighLights
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया।
कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
सीजेपी विरोध प्रदर्शनों और भविष्य की चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार दोपहर करीब तीन बजे जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस के कामकाज का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में चल रही जांच, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और अपराध नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सीजेपी के हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर चर्चा हुई।
सीजेपी के 20 जुलाई जैसे प्रदर्शनों से निपटने को लेकर हुई चर्चा
जुलाई में सीजेपी के 'संसद चलो' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों को लेकर दिल्ली पुलिस की आलोचना हुई थी। ऐसे में प्रदर्शन प्रबंधन, पुलिस की प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तरीकों की समीक्षा को अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच ड्रग्स तस्करी पर रोक लगाने, विदेशों में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
क्यों खास था गृह मंत्री का यह दौरा
इसके अलावा, अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई और पुलिस की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
गृह मंत्री के दौरे को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ नेतृत्व के लिए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीति पर चर्चा के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
हाल के विरोध प्रदर्शनों को संभालने के तरीके पर उठे सवालों के बीच इस बैठक का महत्व और बढ़ गया है। इससे पुलिस अधिकारियों को अपनी तैयारियों, संसाधनों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को शीर्ष स्तर पर रखने का अवसर मिला।
चाल साल से अधिक समय बाद पहुंचे पुलिस मुख्यालय
अमित शाह चार साल से अधिक समय बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे हैं। इससे पहले वह 30 अगस्त 2022 को यहां आए थे। शनिवार को हुए इस दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पुलिस बल के कामकाज, मौजूदा चुनौतियों और राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
