सिर्फ 140 रुपये में आपका पंखा बन जाएगा एयर प्यूरीफायर, दिल्ली के 2 छात्रों के इस जुगाड़ ने जीता डायना अवार्ड
दिल्ली के कृष अग्रवाल और समर्थ ने एक किफायती एयर फिल्टर बनाया है, जो सामान्य पंखे को एयर प्यूरीफायर में ...और पढ़ें

प्रोजेक्ट वायु चलाने वाले समर्थ और कृष। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
छात्रों ने 140 रुपये में पंखे को एयर प्यूरीफायर बनाया।
'प्रोजेक्ट वायु' को मिला 2026 का प्रतिष्ठित डायना अवार्ड।
हजारों स्कूली बच्चों को मिली कम लागत में स्वच्छ हवा।
शालिनी देवरानी, दक्षिणी दिल्ली। राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच दो छात्रों ने एक ऐसी अनूठी पहल की है, जो कम खर्च में स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने की उम्मीद जगाती है।
दिल्ली के कृष अग्रवाल और समर्थ ने एक ऐसा कम लागत वाला फिल्टर तैयार किया है, जिसे सामान्य पंखे पर लगाकर उसे एयर प्यूरीफायर में बदला जा सकता है।
खास बात यह है कि इस फिल्टर को तैयार करने में महज 140 रुपये का खर्च आता है। छात्रों की इस पहल को वर्ष 2026 के डायना अवार्ड रोल ऑफ ऑनर में भी जगह मिली है।

दिल्ली के एक क्लासरूम में पंखे पर लगा फिल्टर। सौ. इंटरनेट मीडिया
दक्षिणी दिल्ली के संस्कृति स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र कृष अग्रवाल और वसंत वैली स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र समर्थ ने मिलकर ''प्रोजेक्ट वायु'' की शुरुआत की।
उनका उद्देश्य ऐसे स्कूलों के बच्चों तक स्वच्छ हवा पहुंचाना है, जहां महंगे एयर प्यूरीफायर लगाने के लिए पर्याप्त बजट नहीं है।
समर्थ के अनुसार, इस परियोजना पर तीन साल पहले काम शुरू किया गया था और पिछले साल पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसे कई स्कूलों में लगाया गया है। अब हमारा मकसद इसे केवल दिल्ली तक सीमित न रखकर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाना है।
सामान्य पंखे पर होता है आसानी से फिट
फिल्टर का आसान इस्तेमाल और तकनीक इसकी खासियत है। इसमें इलेक्ट्रोस्टैटिकली चार्ज्ड फाइबर्स का इस्तेमाल किया गया है, जो हवा में मौजूद पीएम 2.5 समेत महीन प्रदूषक कणों को अपनी ओर आकर्षित कर फिल्टर में रोक लेते हैं।
इसका गुब्बारे जैसा डिजाइन पंखा चलने पर फैल जाता है, जिससे फिल्टर का सतह क्षेत्र पांच स्क्वायर फीट से अधिक हो जाता है।
इसे टेबल और दीवार पर लगे सामान्य पंखों पर आसानी से लगाया जा सकता है। इलास्टिक की मदद से फिट होने वाला यह फिल्टर एक मिनट से भी कम समय में लगाया जा सकता है।
10 हजार छात्रों तक पहुंचा चुके लाभ
पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली के स्कूलों की 295 कक्षाओं में 602 फिल्टर लगाए जा चुके हैं। इस पहल से करीब आठ हजार विद्यार्थियों को लाभ मिला।
वहीं, वंचित वर्ग के स्कूलों में मिलाकर अब तक करीब 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल चुका है। दिल्ली में प्रदूषण की चुनौती के बीच छात्रों का यह नवाचार कम लागत वाली तकनीक से स्वच्छ हवा की पहुंच तक आस जगाता है।
क्या है अवार्ड?
इसमें दुनिया भर के 44 देशों से तकरीबन 200 असाधारण युवाओं को शामिल किया गया है, जो 16 से 25 वर्ष की आयु के हैं और जिन्होंने सामाजिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानवता की सेवा में बड़ा बदलाव लाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।