विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LPG संकट: दिल्ली के स्ट्रीट फूड वेंडर्स पर पड़ रही जबर्दस्त मार, संकट में आजीविका

Published: Wed, 18 Mar 2026 12:58 AM (IST)

दिल्ली में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से स्ट्रीट फूड वेंडर्स की आजीविका संकट में है। घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति बढ़ने ...और पढ़ें

एलपीजी संकट की मार स्ट्रीट वेंडर्स पर पड़ रही है।

एलपीजी संकट की मार स्ट्रीट वेंडर्स पर पड़ रही है।

HighLights

  1. दिल्ली के स्ट्रीट वेंडर्स पर एलपीजी किल्लत का असर।

  2. 30% दुकानें बंद, कई वेंडर्स आजीविका के लिए संघर्षरत।

  3. व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी, घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी।

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। एलपीजी सिलिंडर की किल्लत की मार कुछ कम हुई है। घरेलू सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ी है, लेकिन स्ट्रीट फूड वेंडर्स की मुश्किलें जारी है। स्थिति यह कि सदर बाजार, पहाड़गंज, आइटीओ, करोलबाग समेत अन्य बाजारों तथा इलाकों में कई स्ट्रीट फूड वेंडर्स एलपीजी सिलिंडर के अभाव में अपना काम बंद कर चुके हैं। या सिलिंडर मिलने की अवस्था में दुकान खोलते या बंद कर रहे हैं।

नेशनल एसोसिएशन आफ स्ट्रीट वेंडर्स आफ इंडिया (नास्वी) के एक अनुमान के अनुसार, फुटपाथ की इन दुकानाें के बंद होने की स्थिति 30 प्रतिशत तक है। जबकि, प्रभावित सभी है। पहाड़गंज, सदर बाजार व आईटीओ में पड़ताल के दौरान ऐसे कई स्ट्रीट वेंडर्स ने बताया कि वह एलपीजी की तलाश में भटकते हैं, अगर मिल जाता है तो फिर अपनी दुकान लगाते हैं। वैसे, व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति अभी तक नहीं है।

कालाबाजारी में घरेलू सिलिंडर काफी महंगा मिल रहा है। ऐसे में उससे कुछ बनाकर बेचना घाटे का सौदा साबित हो रहा है। अगर वह अपने व्यंजनों के दाम बढ़ाते हैं तो ग्राहकों की संख्या में कमी आ जाती है।

17del_13_17032026_137

सदर बाजार में चाय बेचने वाले श्याम सुंदर।

प्रमुख बाजारों से लेकर कॉलोनी तक में फैले ये स्ट्रीट वेंडर्स चाट, चाय, छोले कुलचे, भटूरे, ममोज, पराठा, कचौड़ी, समोसे व चाउमीन समेत अन्य भोज्य पदार्थ बेचते हैं। जिनका काम सिलिंडर की किल्लत से काफी प्रभावित हुआ है। नास्वी के अनुसार, दिल्ली 50 हजार से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स हैं, जिनमें से काफी का काम प्रभावित हुआ है। जबकि, 30 प्रतिशत के करीब स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने अपनी दुकान लगाना बंद किया हुआ है।

जीविकोपार्जन करने में आ रही मुश्किलें

मयूर विहार फेज-2 में सड़क पर शाम को काफी स्ट्रीट फूड वेंडर्स अपनी दुकानें लगाते हैं। वहां उनकी संख्या काफी घट गई है। इसी तरह, सदर बाजार के बस्ती हरफूल सिंह में चाय विक्रेता श्याम सुंदर ने बताया कि उन लोगों की स्थिति बेहतर नहीं है। किसी प्रकार सड़क किनारे दुकान लगाकर जीविकोपार्जन करने में अब मुश्किलें आ रही है। क्योंकि सिलिंडर उपलब्ध नहीं है। वह बताते हैं कि उनके जानने में चार लोगों ने अपनी स्ट्रीट फूड की दुकानें बंद की है।

जबकि, सदर बाजार थाना के सामने पकौड़ी बेचते सन्नी ने बताया कि दुकान खोलना काफी मुश्किलों भरा है। काफी तलाश के बाद सिलिंडर मिल रहा है तो उसके दाम कई गुना अधिक हैं। ऐसे में उसने पकौड़ी के दाम में प्रति 100 ग्राम में पांच रुपये की वृद्धि की है, लेकिन उससे ग्राहक कम हो गए हैं।

17del_24_17032026_137

एलपीजी सिलिंडर की किल्लत में नेहरू बाजार में बंद पड़ी स्ट्रीट फूड की दुकान।

आइटीओ पर चाय बेचने वाले राजेंद्र ने बताया कि बीच में कुछ दिन दुकान बंद रखना पड़ा। अब खोल रहे हैं तो अपनी बिक्री सीमित कर दी है। क्योंकि, उनकी चाय कार्यालयों में लगी है। उसे संभालना है। इसी तरह, पहाड़गंज के नेहरू बाजार में स्ट्रीट फूड की कई दुकानें बंद मिली । आसपास के लोगों ने बताया कि सिलिंडर की किल्लत के चलते ये बंद है।

व्यावसायिक सिलिंडर की उपलब्धता अभी सुचारू नहीं

मंगलवार को भी व्यावसायिक सिलिंडर की उपलब्धता सुचारू नहीं हुई है। आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष पीएन सेठ के अनुसार, अभी पीछे से व्यावसायिक सिलिंडर आने शुरू नहीं हुए हैं। इसलिए उसका वितरण काफी कम रहा। जिनके पास था, वहीं उपलब्ध करा रहे हैं।

घर बैठे आसान तरीकों से सिलिंडर करें बुक

सिलिंडर बुक करने में परेशानी आ रही है तो चिंता की कोई बात नहीं। पेट्रोलियम कंपनियों ने बुकिंग के लिए कई अन्य माध्यम भी दिए हैं। जिससे घर बैठे आसानी से घरेलू एलपीजी को भराया जा सकता है।

  • इंडेन:- वाट्सएप बुकिंंग- 7588888824 पर REFILL लिखकर भेज दें। वहीं, मिस काल नंबर-8454955555 है, जिसपर मिस काल मारकर बुकिंग हो सकेगी। अन्यथा इंडियन आयल वन एप है ही।
  • भारत गैस (बीपीसीएल)- वाट्सएप बुकिंग-1800224344 पर Book लिखकर भेजें। इसी तरह, मिस काल नंबर 7710955555 है, जबकि एप हैलो बीपीसीएल से भी बुकिंग की जा सकेगी।
  • एचपी (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) के वाट्सएप बुकिंग नंबर-9222201122 है, जिसपर Hi लिखकर भेजें। उसका मिसकाल नंबर - 9493602222 है। जबकि, एचपी पे एप से भी घरेलू सिलिंडर की बुकिंग की जा सकेगी।

यह भी पढ़ें- कालकाजी मंदिर में नवरात्र पर आयोजित धार्मिक उत्सव को लेकर यातायात रहेगा प्रभावित; ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी

यह भी पढ़ें- दिल्ली में एमसीडी पार्किंग का दुरुपयोग: अवैध लोडिंग, झुग्गियां और शराब बिक्री का भंडाफोड़