दिल्ली में एमसीडी पार्किंग का दुरुपयोग: अवैध लोडिंग, झुग्गियां और शराब बिक्री का भंडाफोड़
दिल्ली में एमसीडी पार्किंग स्थलों के दुरुपयोग का खुलासा हुआ है, जहां अवैध लोडिंग-अनलोडिंग, झुग्गियां और सड़क किनारे शराब बिक्री जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
-1773766400609_m.webp)
दिल्ली में एमसीडी पार्किंग स्थलों के दुरुपयोग का खुलासा हुआ है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एमसीडी ने वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग के लिए स्थान उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इससे इतर पार्किंगों में नियमों के विरूद्ध जाकर कार्य हो रहे हैं। कहीं, पार्किंग में अवैध रूप से लोडिंग अनलोड़िंग का धंधा किया जा रहा है तो वहीं पार्किंग में भी झुग्गी बसाई जा रही है।
इसके साथ ही पार्किंग से जुड़ी सड़क पर अवैध रूप से शराब की बिक्री भी हो रही है। स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता के साथ एमसीडी की स्थायी समिति की चेयरपर्सन सत्या शर्मा के औचकन निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई।
पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई जानकारी
सड़क किनारे शराब की बिक्री का मामला देखते ही पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी गई और आरोपितों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता ने बताया कि उनके पास काफी शिकायतें पार्किंग को लेकर आ रही है। लोग यहां पर पार्किंग के लिए परेशान होते हैं लेकिन पार्किंग संचालक पार्किंगों का दुरुपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने क्लब की पार्किंग में निरीक्षण के दौरान इन पार्किंग स्थलों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के विपरीत ट्रांसपोर्टरों द्वारा अवैध रूप से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग करते हुए पाया गया।
इसके अतिरिक्त क्लब पार्किंग क्षेत्र में अवैध झुग्गियों का निर्माण तथा सड़क किनारे अतिक्रमण कर अवैध रूप से शराब की बिक्री भी पाई गई। इस दौरान शर्मा ने अतिरिक्त आयुक्त को निर्देश दिए कि दंगल मैदान पार्किंग का टेंडर तत्काल समाप्त किया जाए और संबंधित एजेंसियों पर जुर्माना भी लगाया जाए।
शराब बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश
स्थायी समिति चेयरपर्सन ने क्षेत्रीय उपायुक्त को निर्देश दिया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास के सभी अतिक्रमण तत्काल प्रभाव से हटाए जाएं। साथ ही, स्थानीय थाना प्रभारी (एसएचओ), लाहौरी गेट को मौके पर बुलाकर सड़क किनारे अवैध शराब बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक शौचालयों की खराब स्थिति पाए जाने पर सत्या शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को शौचालयों की नियमित सफाई, रखरखाव और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए।
स्थानीय पार्षद सुमन कुमार गुप्ता ने कहा कि चांदनी चौक क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के कारण स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से क्षेत्र में व्यवस्था सुधरेगी और आमजन को राहत मिलेगी।
