दिल्ली के संत नगर में बनेगी 600 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग, पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण
दिल्ली के रानी बाग के संत नगर में 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग पीपीपी मॉडल पर विकसित की जाएगी। इससे स्थानीय निवासियों और बाजार आने वालों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी तथा यातायात जाम कम होगा।
-1795188586446_m.webp)
दिल्ली के संत नगर में 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग का निर्माण होगा। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
रानी बाग संत नगर में 600 वाहनों की बहुस्तरीय पार्किंग बनेगी।
यह परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर आधारित होगी।
इससे स्थानीय निवासियों को पार्किंग और यातायात जाम से राहत मिलेगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रानी बाग के संत नगर में पार्किंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली नगर निगम यहां 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग विकसित करेगा।
इसे पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माडल पर बनाया जाएगा। इससे निगम पर करीब 96.87 करोड़ रुपये के निर्माण खर्च का बोझ नहीं पड़ेगा।
खत्म होगी जाम की समस्या
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि करीब 3950 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग विकसित करने की योजना है। इससे स्थानीय निवासियों और बाजार में आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़कों पर अवैध पार्किंग और यातायात जाम की समस्या भी कम होगी।
पीपीपी मॉडल से होगा निर्माण
सत्या शर्मा के अनुसार मार्च 2024 में निगम ने इस परियोजना को विभागीय स्तर पर 96.87 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाने की मंजूरी दी थी। अब इसे पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। निर्माण का खर्च निजी भागीदार उठाएगा।
इसके लिए एक अनुभवी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम को परियोजना प्रबंधन सलाहकार और ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया जाएगा। यह एजेंसी निविदा प्रक्रिया और निजी भागीदार के चयन में निगम की मदद करेगी।
यह भी पढ़ें- वाट्सएप ग्रुप पर शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगे 67.78 लाख, दिल्ली पुलिस ने 7 साइबर ठगों को दबोचा