विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाट्सएप ग्रुप पर शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगे 67.78 लाख, दिल्ली पुलिस ने 7 साइबर ठगों को दबोचा

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:33 PM (GMT+05:30)

दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने शेयर बाजार और आईपीओ में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली पुलिस ने शेयर बाजार के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। फोटो-जागरण

दिल्ली पुलिस ने शेयर बाजार के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। फोटो-जागरण

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. म्यूल अकाउंट मुहैया कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश।

  3. ठगी की रकम क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर ठिकाने लगाते थे आरोपी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। शेयर बाजार और आइपीओ में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आइएफएसओ) यूनिट ने पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने 15 दिन तक विभिन्न राज्यों में अभियान चलाकर सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ठगी

आईएफएसओ के उपायुक्त गौरव त्यागी के मुताबिक, द्वारका निवासी नंदन सिंह नयाल और उनके परिवार के सदस्यों को ‘538 एक्शन प्राइस लैब’ और ‘विक्ट्री पायनियर्स कैपिटल’ नाम के वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप के सदस्य खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताते थे।

निवेश संबंधी सलाह, मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशाट और आइपीओ में आकर्षक अलॉटमेंट का झांसा देकर उन्होंने पीड़ितों का भरोसा जीता। फिर उन्हें aikyaemerging.com पर निवेश के लिए उकसाया। प्लेटफार्म पर निवेश की रकम के साथ मुनाफा भी दिखाया जाता था।

22 ट्रांजेक्शन से 67 लाख से अधिक मंगवाया

शिकायतकर्ता और उनके परिवार ने 22 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 67.78 लाख रुपये आरोपितों के बताए बैंक खातों में जमा किए। रकम निकालने की कोशिश करने पर आरोपितों ने पेंडिंग ऑर्डर और अन्य बकाया के नाम पर 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त मांग की। पीड़ितों ने शक होने पर और रकम देने से मना किया तो आरोपितों ने संपर्क बंद कर दिया।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम फर्जी कंपनियों के कई बैंक खातों में भेजी जाती थी। आरोपित हेरफेर किए गए या अन्य लोगों के केवाईसी दस्तावेजों से खाते खुलवाते थे। रकम एटीएम और बेयरर चेक से निकाली जाती या क्रिप्टोकरेंसी में बदली जाती थी। पुलिस ने हजारों लेन-देन की पड़ताल कर मनी ट्रेल के आधार पर आरोपितों की पहचान की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज का पवन, लखनऊ का मो. इजहार, कानपुर के आर्यन कनौजिया और सानू कठेरिया उर्फ कार्तिक, गुरुग्राम का अंकित उर्फ मोनू तथा दिल्ली के आशबिंद कुमार सिंह उर्फ बास और हेमंत कुमार शाह उर्फ जितेंद्र शामिल हैं।

गिरोह में कोई बैंक खाते उपलब्ध कराता था तो कोई अकाउंट किट की डिलीवरी, तकनीकी सहायता और म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था। हेमंत के मोबाइल से संदिग्ध फर्जी कंपनियों के बैंक खातों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ी ई-बसों की संख्या, NCR से अप-डाउन करने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत; प्रदूषण पर भी लगेगी लगाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।