विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी, रविवार की रात रही 14 साल में सबसे गर्म; 29 मई तक राहत की उम्मीद नहीं

Published: Tue, 26 May 2026 06:10 AM (IST)Updated: Tue, 26 May 2026 06:49 AM (IST)

दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां रविवार रात 14 साल में मई की सबसे गर्म रात दर्ज ...और पढ़ें

मौसम विभाग ने 29 मई तक लू और गर्म रातों का पूर्वानुमान लगाया है।

मौसम विभाग ने 29 मई तक लू और गर्म रातों का पूर्वानुमान लगाया है।

HighLights

  1. रविवार रात 14 साल में मई की सबसे गर्म रात।

  2. न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 5.7 अधिक।

  3. दिल्ली में 29 मई तक भीषण गर्मी और लू का अलर्ट।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यलो अलर्ट के बीच दिल्ली में दिन ही नहीं, रातें भी लगातार गर्म हो रही हैं। आलम यह है कि अब रविवार की रात 14 सालों के दौरान मई माह की सबसे गर्म रही। सोमवार को दिन में भी लोगों ने तीखी गर्मी और गर्म हवा के थपेड़ों का सामना किया जबकि रात में बेचैनी और अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 14 साल में इस माह का सर्वाधिक है। इससे पहले 26 मई 2012 को न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। उसके बाद से अभी तक यह मई के माह में 32 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा। चार दिन पहले 21 मई को भी न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री तक रहा था।

रविवार की रात को सबसे गर्म रात घोषित किया

मौसम विभाग ने रविवार की रात को गर्म रात घोषित किया है। गर्म रात तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक हो जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से 6.4 डिग्री तक ऊपर रहे। सफदरजंग के साथ साथ लोधी रोड और आयानगर में भी गर्म रात रही।

रविवार रात की रिकार्डतोड़ गर्मी के बाद सोमवार को दिन में भी तेज गर्मी का दौर बना रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिज क्षेत्र में 44.3 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 44 से 22 प्रतिशत तक रहा।

भीषण गर्मी और लू का दौर अभी 29 मई तक जारी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि भीषण गर्मी और लू का दौर अभी 29 मई तक जारी रहेगा। तब तक के लिए यलो अलर्ट भी जारी रहेगा। मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। कहीं कहीं लू चलेगी तो गर्म रात भी रहेगी। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली सतही हवा चलने के आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 और 31 डिग्री रहने की संभावना है।

सोमवार को दिल्ली में कहां कितना रहा अधिकतम व न्यूनतम तापमान

स्थान अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
मुंगेशपुर 43.8 30.0
रिज 44.3 30.6
आयानगर 44.0 32.0
पालम 44.0 30.5
लोधी रोड 43.2 30.0
सफदरजंग 43.5 32.4

यह भी पढ़ें- बाहरी दिल्ली में गहराया जल संकट: सुल्तानपुरी, रोहिणी, किराड़ी में पानी की भारी किल्लत