कलावा और QR कोड बिना एंट्री नहीं, 'राष्ट्र वंदनम्' में मोहन भागवत को सुनने 1 लाख स्वयंसेवक पहुंचेंगे दिल्ली
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह 'राष्ट्र वंदनम' में सरसंघचालक मोहन भागवत दिल्ली में देश के लिए भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत करेंगे।

रोहिणी में एक लाख स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत। फोटो: आर्काइव
HighLights
मोहन भागवत 'राष्ट्र वंदनम्' समारोह में मुख्य वक्ता होंगे।
दिल्ली में एक लाख स्वयंसेवक शताब्दी समारोह में जुटेंगे।
प्रवेश के लिए क्यूआर कोड और विशेष कलावा अनिवार्य होगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के भव्य समापन समारोह ‘राष्ट्र वंदनम्’ के लिए राजधानी पूरी तरह सज-धजकर तैयार है।
रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर रविवार को होने वाले इस ऐतिहासिक समागम में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में अपना उद्बोधन देंगे। उनके उद्बोधन में देश के लिए भविष्य का विस्तृत रोडमैप होगा।
सुबह 10:30 बजे से शुरू होने वाले इस महाआयोजन में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सहसरकार्यवाह अरुण कुमार व डॉ. कृष्णगोपाल समेत कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा के शीर्ष पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
साथ ही बालीवुड कलाकार, रंगकर्मी, साहित्यकार, लोक गायिकाएं, नृत्यांगनाएं और नामचीन खिलाड़ी तथा विशिष्ट जन भी इस समागम के साक्षी बनेंगे।
80 एकड़ में बसी टेंट सिटी, पंच परिवर्तन केंद्र में
80 एकड़ में फैले समरसता स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। यहां केदार नगर, कल्याण नगर और शरण नगर नामक तीन भव्य टेंट सिटी बसाई गई हैं।
पूरा आयोजन संघ के ‘पंच परिवर्तन’ – सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी व नागरिक कर्तव्य के संदेश पर केंद्रित रहेगा।
करीब एक लाख स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में नजर आएंगे। इनमें करीब 10 हजार स्वयंसेवक शारीरिक सौष्ठव और आसन का प्रदर्शन करेंगे तथा 800 घोष वादक समा बांधेंगे।
साज-सज्जा की कमान 2,000 महिलाओं ने संभाली है, जो महिला सशक्तीकरण की अनूठी मिसाल पेश कर रही हैं।
कलावा और क्यूआर कोड से प्रवेश
परिसर में प्रवेश के लिए 19 द्वार बनाए गए हैं, जिनमें आठ मुख्य विभागवार रंगीन द्वार हैं। बिना पूर्व पंजीकरण, क्यूआर कोड और पहचान स्वरूप हाथ में बंधे विशेष ‘कलावा’ के किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा।
पार्किंग के लिए आयोजन स्थल से एक किलोमीटर पहले पांच हजार बसों व 50 हजार कारों की व्यवस्था की गई है।
भगवा ध्वजों से पटा रिठाला से बवाना मार्ग
रिठाला से बवाना यूईआर-2 तक का पूरा मार्ग भगवा ध्वजों और आकर्षक तोरण द्वारों से पट गया है। टैंकरों से पानी का छिड़काव कर मार्ग को धूल मुक्त रखा जा रहा है।
प्रकृति प्रेम और स्वच्छता का संदेश देते हुए परिसर में प्लास्टिक क्रशिंग के दो प्लांट भी लगाए गए हैं, ताकि शून्य कचरा सुनिश्चित हो सके।
यह भी पढ़ें- फाइव लेयर सुरक्षा और 50000 कारों की पार्किंग, दिल्ली में RSS के 'राष्ट्र वंदनम्' के लिए 2000 पुलिसकर्मी तैनात