विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाइव लेयर सुरक्षा और 50000 कारों की पार्किंग, दिल्ली में RSS के 'राष्ट्र वंदनम्' के लिए 2000 पुलिसकर्मी तैनात

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:34 PM (GMT+05:30)

रोहिणी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। करीब दो हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

रोहिणी में आरएसएस के शताब्दी समारोह के लिए तैनात सुरक्षा बल। फोटो: जागरण

रोहिणी में आरएसएस के शताब्दी समारोह के लिए तैनात सुरक्षा बल। फोटो: जागरण

HighLights

  1. आरएसएस शताब्दी समारोह के लिए रोहिणी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।

  2. दो हजार पुलिसकर्मी, फाइव लेयर सुरक्षा घेरा, 23 जोन।

  3. सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाएं भी।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी में रविवार, 29 नवंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 'राष्ट्र वंदनम्' कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

संघ की 100 साल की यात्रा के समापन और 101वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य समागम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस और यातायात पुलिस के करीब दो हजार कर्मियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा के लिए फाइव लेयर का सुरक्षा घेरा बनाकर क्षेत्र को 23 जोन में बांटा गया है। कार्यक्रम स्थल के साथ आसपास के इलाकों में भी सीसीटीवी व ड्रोन से विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

दो हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही को देखते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में विशेष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

निगरानी को मजबूत बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि बेगमपुर थाना पुलिस को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय पुलिस कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखेगी। समरसता स्थल पर विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे।

बसों और कारों के लिए पार्किंग व्यवस्था

वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए चार से पांच हजार बसों व 50 हजार कारों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। भीड़ के कारण सड़क पर जाम की स्थिति न बनने देने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।

भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए कुछ मार्गों पर यातायात में बदलाव भी किया जा सकता है।

दमकल और चिकित्सा के भी खास इंतजाम

दमकल विभाग : सात गाड़ियां व 45 दमकल कर्मी मौजूद रहेंगे। साथ ही दो फायर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।

चिकित्सा : मेडिकल इमरजेंसी के लिए पांच अस्पताल तैयार किए गए हैं। हर ब्लाक में मेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा। इनमें एक 10 बेड का अस्पताल 25 नवंबर से ही चालू है। आयोजन स्थल के दोनों तरफ चार अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं। प्रत्येक में पांच बेड की व्यवस्था है। जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त लोगों के लिए भी अलग मेडिकल सुविधा तैयार की गई है।

समारोह में इन सामानों पर रहेगा प्रतिबंध

बैग, मोबाइल, कैमरा और वायरलेस इयरफोन, चाकू, कैंची, लाइटर, माचिस, हथियार, विस्फोटक, पटाखे, बाहर से लाया गया खाने-पीने का सामान, दूरबीन, रेडियो ट्रांसमीटर, बीड़ी-सिगरेट, थर्मस फ्लास्क, छाता व लैपटॉप।

यह भी पढ़ें- नागरिकता मिलने से 3 साल पहले वोटर लिस्ट में दर्ज था सोनिया गांधी का नाम, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की रिपोर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।