होटल का वाई-फाई, इंस्टाग्राम चैट और चोरी का मोबाइल; IRS की बेटी के कातिल नौकर को पकड़ने की पूरी कहानी
दक्षिणी दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी के दुष्कर्म और हत्या के आरोपी राहुल मीणा को डिजिटल साक्ष्यों की मदद ...और पढ़ें

आईआरएस की बेटी के कातिल राहुल मीणा। फोटो: आर्काइव
HighLights
आरोपी राहुल मीणा डिजिटल साक्ष्यों से द्वारका से गिरफ्तार
चोरी का मोबाइल, वाई-फाई, इंस्टाग्राम चैट बने सुराग
पूछताछ में आरोपी ने नहीं दिखाया कोई पछतावा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी स्थित कैलाश हिल्स में सीनियर IRS अधिकारी की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या के बाद भागा घरेलू सहायक राहुल मीणा आखिर कैसे पकड़ा गया?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कि आरोपी ने अपराध के बाद बिना पकड़े बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन चोरी के मोबाइल, होटल के वाई-फाई और इंस्टाग्राम चैट ने उसकी कोशिश नाकाम कर दी।
अलवर से दिल्ली तक, मीणा के भागने की पूरी कहानी
राहुल मीणा से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अलवर में एक अन्य दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद 22 तारीख की सुबह दिल्ली के लिए निकला था।
वह एक एंबुलेंस से दिल्ली-गुरुग्राम सीमा तक पहुंचा, जिसके लिए 6000 रुपये तय हुए थे, लेकिन रास्ते में बिना भुगतान किए ही वह उतरकर फरार हो गया। इसके बाद उसने टैक्सी ली और सीधे अमर कॉलोनी पहुंच गया।
कैलाश हिल्स में वारदात के बाद वह दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से अलवर भागने की फिराक में था, लेकिन ट्रेन छूटने के बाद उसने योजना बदल दी और द्वारका के एक ओयो होटल में ठहर गया।
ट्रेन छूट जाने पर उसने प्लान बनाया कि एक दिन रुककर वह दिल्ली में ही रुकेगा और अगले दिन वापस निकल जाएगा, लेकिन यहीं उसकी सबसे बड़ी चूक हुई।
इंस्टाग्राम चैट और चोरी के मोबाइल से पकड़ा गया राहुल
पुलिस के अनुसार, इस केस को सुलझाने में तीन अहम डिजिटल सबूत महत्वपूर्ण रहे। ये डिजिटल सबूत थे:-
- चोरी का मोबाइल फोन।
- वाई-फाई नेटवर्क।
- इंस्टाग्राम मैसेंजर।
अलवर में चोरी किया मोबाइल: राहुल के पास खुद का मोबाइल नहीं था। उसने मंगलवार को अलवर में महिला से दुष्कर्म के दौरान उसका फोन चोरी कर लिया था और उसी का इस्तेमाल कर रहा था।
होटल के वाईफाई का इस्तेमाल: द्वारका के OYO होटल में ठहरने के दौरान वह वहीं के वाई-फाई से इंटरनेट चला रहा था।
इंस्टाग्राम पर चैट: गुरुग्राम में रहने वाले अपने रिश्तेदार से इंस्टाग्राम मैसेंजर के जरिए लगातार संपर्क में था।
यहीं से पुलिस को पहला सुराग मिला। इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) और डिजिटल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके साथ ही रिश्तेदारों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज से उसके पूरे मूवमेंट और टाइमलाइन का मिलान किया।
द्वारका में OYO होटल से गिरफ्तारी
तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस सीधे द्वारका के उस होटल तक पहुंची, जहां आरोपी राहुल मीणा ठहरा हुआ था। उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया।
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने अलवर में उसके पिता और दोस्तों समेत करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिससे भी अहम जानकारी मिली।
पूछताछ में नहीं दिखा कोई पछतावा
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पुलिस की पूछताछ के दौरान राहुल मीणा ने अपने अपराध को लेकर कोई पछतावा नहीं जताया। दिल्ली पुलिस की जांच पूरी होने के बाद आरोपी को अलवर ले जाया जाएगा, जहां उससे वहां दर्ज दुष्कर्म के मामले में भी पूछताछ की जाएगी।
