दिल्ली बना देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर, सुबह 403 पहुंचा AQI; सोमवार तक भी राहत के आसार नहीं
दिल्ली की हवा लगातार जहरीली बनी हुई है, शुक्रवार सुबह पहली बार AQI 403 तक पहुंचा, हालांकि दिन में कुछ ...और पढ़ें

जघाट के समीप रिंग रोड पर छाए घने स्माॅग में ओझल विकास मीनार। चंद्र प्रकाश मिश्र
HighLights
शुक्रवार सुबह दिल्ली का एक्यूआई 403 तक पहुंचा।
आईआईटी दिल्ली में सबसे खराब हवा, एक्यूआई 477 दर्ज।
परिवहन क्षेत्र दिल्ली में प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। राजधानी की हवा लगातार जहरीली बनी हुई है। शुक्रवार सुबह इस सीजन में पहली बार दिल्ली का AQI 403 तक पहुंच गया और हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।
हालांकि, दिन में धूप निकलने और हवा की रफ्तार में मामूली बढ़ोतरी से प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट आई। शाम चार बजे दिल्ली का औसत AQI 373 दर्ज किया गया। इसके बावजूद दिल्ली देश का दूसरा सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा शुक्रवार शाम जारी देश के 281 शहरों के वायु गुणवत्ता बुलेटिन के अनुसार 400 AQI के साथ हरियाणा का बल्लभगढ़ पहले स्थान पर रहा।
वहीं गाजियाबाद 368 AQI के साथ तीसरे, ग्रेटर नोएडा 348 AQI के साथ चौथे और गुरुग्राम 324 AQI के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
आईआईटी दिल्ली में सबसे जहरीली हवा, AQI 477
दिल्ली में प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार रहा। शुक्रवार शाम चार बजे के आंकड़ों के अनुसार, आईआईटी दिल्ली में सर्वाधिक 477 AQI दर्ज किया गया।
इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय का नार्थ कैंपस, नरेला और पूसा तथा पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित इलाकों में रहे।
सुबह आठ बजे स्थिति इससे भी खराब थी। उस समय 58 केंद्रों के आंकड़ों में 33 पर हवा गंभीर, 24 पर बहुत खराब और केवल एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में थी। आईआईटी दिल्ली का AQI 488 तक पहुंच गया था।
चांदनी चौक में 479 और नार्थ कैंपस में 478 AQI दर्ज किया गया। बुराड़ी क्रासिंग में 456, जबकि आईटीओ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 451-451 AQI रहा।
परिवहन सबसे बड़ा प्रदूषण स्रोत
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के साथ वाहनों से होने वाला उत्सर्जन भी प्रमुख कारण बना हुआ है। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र दिल्ली के प्रदूषण में 18.5 प्रतिशत योगदान के साथ सबसे बड़ा स्रोत रहा।
कमजोर हवाओं के कारण प्रदूषक जमीन के नजदीक जमा हो रहे हैं। सुबह से ही कई इलाकों में धुंध की मोटी चादर छाई रही। इमारतें धुंध में छिपी रहीं और दृश्यता प्रभावित हुई। लोगों ने आंखों में जलन, गले में खराश, लगातार खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें भी कीं।
सोमवार तक राहत की उम्मीद कम
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में शनिवार से 16 नवंबर तक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका है। इसके बाद के छह दिनों के लिए भी पूर्वानुमान में बहुत खराब वायु गुणवत्ता का संकेत दिया गया है।
इस दौरान वेंटिलेशन इंडेक्स छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे और औसत हवा की गति 10 किमी प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है। ऐसी परिस्थितियां प्रदूषकों को वातावरण से बाहर निकालने के अनुकूल नहीं होतीं।
शुक्रवार देश के 5 सर्वाधिक प्रदूषित शहर
| शहर | AQI |
|---|---|
| 1. बल्लभगढ़ | 400 |
| 2. दिल्ली | 373 |
| 3. गाजियाबाद | 368 |
| 4. ग्रेटर नोएडा | 348 |
| 5. गुरुग्राम | 324 |
दिल्ली के सर्वाधिक प्रदूषित इलाके
| इलाका | AQI |
|---|---|
| आईआईटी दिल्ली | 477 |
| चांदनी चौक | 459 |
| नरेला | 447 |
| नार्थ कैंपस | 446 |
| बुराड़ी क्रासिंग | 446 |
| जेएनयू | 439 |
| नरेला | 437 |
| पूसा | 437 |
| पंजाबी बाग | 431 |
| जहांगीरपुरी | 423 |
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।