विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में रेलवे ट्रैक के पास कचरे के ढेरों पर केंद्र सख्त, गृह सचिव ने एमसीडी से 20 दिन में मांगी कार्ययोजना

Published: Tue, 03 Nov 2026 09:58 PM (IST)

केंद्रीय गृह सचिव ने दिल्ली के रेलवे ट्रैक के आसपास कचरा समस्या पर सख्ती दिखाते हुए निर्देश दिए हैं। एमसीडी ...और पढ़ें

दिल्ली के रेलवे पटरियों पर कचरा। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली के रेलवे पटरियों पर कचरा। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. केंद्र ने रेलवे ट्रैक कचरा सफाई पर सख्ती दिखाई।

  2. एमसीडी को 15 दिन में सर्वे, 20 दिन में कार्ययोजना।

  3. अनाधिकृत बस्तियों में भी घर-घर कचरा संग्रहण।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में रेलवे ट्रैक के आसपास जमा कचरे की समस्या को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने सख्ती दिखाई है। केंद्रीय गृह सचिव ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को रेलवे पटरियों से सटी कालोनियों और झुग्गी बस्तियों में कचरा प्रबंधन की ठोस व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं।

इसके तहत निगम को 15 दिनों के भीतर कचरा प्रभावित स्थानों का सर्वे करना होगा। इसके बाद 20 दिनों में व्यापक कार्ययोजना तैयार करनी होगी। इसमें कचरे का नियमित उठान, निस्तारण और रेलवे ट्रैक के आसपास दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के उपाय शामिल होंगे।

रेलवे ट्रैक के पास कचरा का जमाव

दरअसल, दिल्ली में रेलवे ट्रैक के आसपास कचरे का जमाव लगातार चुनौती बना हुआ है। रेलवे बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राजधानी में कुल 365.2 किलोमीटर रेलवे ट्रैक में से 18.93 किलोमीटर हिस्सा कचरे से प्रभावित है।

यहां 125 स्थानों पर पुराना कचरा जमा है। इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और रेलवे परिचालन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।

अनाधिकृत बस्तियां फेकते हैं कचा

इसको लेकर 26 अक्टूबर को केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने रेलवे ट्रैक के आसपास स्थित अनधिकृत बस्तियों और कॉलोनियों से पटरियों के किनारे कचरा फेंके जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नागरिक एजेंसियों के माध्यम से नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

अनधिकृत बस्तियों में भी लागू होगी व्यवस्था

दैनिक जागरण को मीटिंग के दस्तावेज के अनुसार गृह सचिव ने एमसीडी को निर्देश दिया कि रेलवे ट्रैक से सटी सभी कॉलोनियों और बस्तियों का सर्वे कर कचरा उत्पादन की स्थिति का आकलन किया जाए। इसके साथ ही अनधिकृत बस्तियों में भी घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था सख्ती से लागू की जाए।

स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना, शिक्षा और संचार (आइईसी) अभियान चलाने को भी कहा गया है। इसमें सामाजिक संगठनों और गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) की मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं।

दो माह में हटाया 5,997 मीट्रिक टन कचरा

रेलवे ट्रैक के आसपास सफाई के लिए एमसीडी ने 17 अगस्त से 17 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 5,997 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। शाहदरा, इंद्रलोक और दया बस्ती रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष सफाई कराई गई।

हालांकि, इसके बावजूद 125 स्थानों पर पुराने कचरे का जमाव बना हुआ है। अब केंद्र के निर्देश के बाद निगम को नियमित कचरा संग्रहण और निगरानी की ऐसी व्यवस्था तैयार करनी होगी, जिससे रेलवे की जमीन पर दोबारा कचरा जमा न हो।

यह भी पढ़ें- 'दिल्ली के चौराहों पर कबूतरों को दाना देना बंद हो', स्वास्थ्य के लिए बन रहा खतरा; दिल्ली HC में याचिका दायर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।