प्रीत विहार हत्याकांड: प्रॉपर्टी डीलर गौरव शर्मा और उसके दो साथी गिरफ्तार, पार्किंग के विवाद में किया था मर्डर
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद में कपड़ा कारोबारी पंकज नय्यर की हत्या के मुख्य आरोपी प्रॉपर्टी डीलर ...और पढ़ें
-1776761900346_m.webp)
आरोपित गौरव शर्मा।
HighLights
पार्किंग विवाद में कपड़ा कारोबारी पंकज नय्यर की हत्या
मुख्य आरोपी प्रॉपर्टी डीलर गौरव शर्मा गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने की तलाश
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। प्रीत विहार इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में कपड़ा कारोबारी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान गौरव शर्मा, सुनील शर्मा और सिद्धार्थ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी जिला पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं, जिनमें प्रीत विहार थाना पुलिस, स्पेशल स्टाफ और एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल (एएसबी) शामिल थीं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपितों को दबोचा गया।
-1776762745823.jpg)
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार शाम थाना प्रीत विहार पर एकत्र हुए थे मृतक पंकज नय्यर के स्वजन व अन्य। जागरण
क्या था पूरा मामला?
जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुई थी। आरोपित गौरव शर्मा अपनी बीएमडब्ल्यू लेकर घर पहुंचा तो एंट्री गेट के सामने खड़ी कार के कारण रास्ता बाधित मिला। इसको लेकर उसकी पड़ोसी पारस से कहासुनी हो गई।
बताया गया है कि दोनों के बीच यह विवाद पहले से चल रहा था और उसी रात फिर से बढ़ गया। पारस ने अपने भाई पंकज को फोन कर मौके पर बुलाया, जो नोएडा से वहां पहुंचा था। रात करीब दो बजे के आसपास विवाद फिर भड़क गया और गाली-गलौज के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान आरोपित गौरव शर्मा ने पिस्टल निकालकर पंकज के सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के दौरान पारस के साथ भी मारपीट की गई और उसे चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपितों की पहचान की।
इसके बाद मिली सटीक सूचना के आधार पर मुख्य आरोपित गौरव शर्मा को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ उसके सहयोगी सुनील शर्मा और उसका सौतेला बेटा सिद्धार्थ भी पकड़े गए हैं। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जिला राजीव कुमार के मुताबिक, मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।
