प्रीत विहार मर्डर: भाई का झगड़ा सुलझाने नोएडा से आए थे पंकज, पार्किंग के विवाद में गंवा बैठे जान
पूर्वी दिल्ली में दो भाइयों के बीच विवाद सुलझाने पहुंचे पंकज की हत्या कर दी गई। पार्किंग विवाद में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना के बाद शोकाकुल पंकज नय्यर के स्वजन व अन्य। जागरण
HighLights
नोएडा से भाई का विवाद सुलझाने आए थे पंकज।
पार्किंग विवाद में गौरव ने की पंकज की हत्या।
आरोपित गौरव पर पहले भी दर्ज हैं तीन मामले।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। दो भाइयों के बीच का आपसी प्यार, एक भाई की मौत का कारण बन जाएगा यह किसी ने नहीं सोचा था। नोएडा से प्रीत विहार पहुंचे पंकज को अहसास भी नहीं होगा जिस रात वह अपनी नींद छोड़कर भाई का विवाद सुलझाने आए हैं, वही उनकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी।
पंकज की मौत हो गई लेकिन उसके छह साल के बेटे को पता भी नहीं कि उसके पिता नहीं रहे। पंकज की पत्नी छह माह की गर्भवती हैं। पति की मौत से सदमे में आई दिव्या ने रोते हुए कहा कि पति के कातिलों को फांसी होनी चाहिए।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि रविवार देर रात हुआ विवाद दस दिन पूर्व शुरू हुआ था जब आरोपित गौरव ने पारस को देख लेने की धमकी दी थी। यही कारण है कि पारस की सूचना पर पंकज तुरंत नोएडा से प्रीत विहार पहुंच गए।
पैसे और कारों का रौब झाड़ता था गौरव
स्थानीय निवासी दीपक के अनुसार आरोपित गौरव अपने पैसे और कारों का रौब झाड़ता था। लगभग चार माह पहले ही वह किराए पर यहां रहने आया था। फ्लैट के साथ उसे एक पार्किंग एलाट थी जबकि उसके पास तीन कारें हैं। ऐसे में अक्सर पार्किंग को लेकर उसका विवाद होता रहता था।
लगभग दस दिन पहले भी दूसरी कार खड़ी करने को लेकर गौरव और पारस का विवाद हुआ था। पंकज के चाचा संजय ने बताया कि पारस से नियमों के अनुसार एक ही पार्किंग देने की बात कही तो गौरव ने उसे धमकी दी थी।
इस बात की चर्चा पारस ने पंकज से की थी। यही कारण था कि जब पारस ने पंकज को रविवार रात काल किया तो झगड़े को शांत करवाने के लिए और भाई की मदद के लिए वह नोएडा से प्रीत विहार आए थे।
स्वजन बोले, आरोपित को सख्त से सख्त सजा हो
चाचा संजय ने बताया कि पंकज की तबीयत खराब होने की बात कहकर उसके माता-पिता को शादी समारोह से यहां बुलाया गया। यहां आने के बाद उन्हें मौत के बारे में बताया गया। पिता जेएस नैय्यर और मां दोनों सदमे में हैं।
वहीं, पत्नी दिव्या ने कहा कि आरोपितों के साथ भी वहीं होना चाहिए जो उन्होंने उनके पति के साथ किया है। उन्हें पकड़कर फांसी देनी चाहिए। जिसने भी उनका परिवार उजाड़ा है उसे भी वही दर्द मिलना चाहिए।

रविवार को जब पारस से पंकज को काल किया तो वह काफी घबराए हुए थे। ऐसे में पंकज ने उन्हें कहा कि वह डरे नहीं। वह आकर मामले को शांत करवा देंगे। घटना के दौरान भी जब पंकज पारस के साथ पार्किंग में आए तो वह मामले को शांत ही करवाना चाहते थे।
लेकिन गौरव और उसके साथियों ने आते ही उनपर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की तो गोली चला दी। पुलिस को शक है कि आरोपित नशे में थे। उधर, पड़ोसियों ने बताया कि पंकज और पारस दोनों का स्वाभव बेहद अच्छा है।
पंकज अक्सर भाई और माता-पिता से मिलने आते रहते थे। पंकज बेहद हंसमुख स्वभाव के थे और पड़ोसियों को आते-जाते नमस्ते जरूर करते थे। पारस भी पड़ोसियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
आरोपित पर पहले भी दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
पुलिस मामले में आरोपित का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार आरोपित गौरव नोएडा के सेक्टर 34 स्थित एज्योर टावर सुपरटेक अपार्टमेंट का रहने वाला है। उसके आधार कार्ड पर यही पता अंकित है।
जांच में सामने आ रहा है कि आरोपित पर झगड़ा करने और हमला करने के तीन मामले दर्ज हैं। वह आपराधिक प्रवृति का बताया जा रहा है। पुलिस मामले में नोएडा पुलिस से भी संपर्क साध रही है, जिससे वहां मौजूद उसका आपराधिक इतिहास खंगाल सके।
कार में मिली शराब की बाेतलें और आइस बाक्स
आरोपित गौरव अपनी फार्च्युनर कार को इमारत के सामने गेट पर ही पार्क करके फरार हो गया। पुलिस के अनुसार कार में शराब की बोतल, आइस बाक्स और नमकीन के पैकेट रखे थे। स्वजन ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद भी दिनभर आरोपित की कार इमारत के गेट के सामने ही खड़ी रही।
पुलिस के कहने के बाद भी कार को नहीं हटाया गया। देर शाम पंकज का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पुलिस ने कार हटवाई।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटनास्थल के सामने ही एक मकान पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। इस कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। पुलिस ने कैमरे की डीवीआर को भी कब्जे में लेकर फुटेज से गौरव के अलावा अन्य आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है। गौरव की पत्नी से पूछताछ में आरोपितों की पहचान और उनके घर का पता पूछा गया।
