दिल्ली में मुनक नहर पर बन रहा 11 किलोमीटर का भव्य छठ घाट, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे उद्घाटन
दिल्ली में छठ महापर्व के लिए 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं, जिसमें मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट शामिल है।

दिल्ली में तैयार किया जा रहा छठ घाट। फोटो- दैनिक जागरण
HighLights
दिल्ली में 1400 से अधिक छठ घाट तैयार।
मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबा भव्य घाट।
महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय की व्यवस्था।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। छठ महापर्व को लेकर दिल्ली में इस बार बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। राजधानी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि मुनक नहर के किनारे बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
भाजपा अध्यक्ष करेंगे घाट का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुनक नहर पर तैयार हो रहे इस घाट का उद्घाटन 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। सिंगलपुर गांव के निकट आयोजित कार्यक्रम में इसका उद्घाटन होगा। घाट के दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क बनाई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान आवागमन में परेशानी न हो। इससे आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी।
दिल्ली में बनाए जाएंगे 1400 घाट
दिल्ली में पिछले वर्ष 1326 घाटों पर छठ पूजा हुई थी, जबकि इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 1400 से अधिक की जा रही है। छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पूजा से दो दिन पहले सभी प्रमुख तैयारियां पूरी कर ली जाएं। नवंबर में ठंड को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर कवर वाले टेंट लगाए जाएंगे।
महिलाओं के लिए बनाया जाएगा चेंजिंग रूम
महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम और शौचालय बनाए जाएंगे। प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं, 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और धूल से बचाव के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मार्ग पर अंधेरा या असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन को लगातार निरीक्षण कर कमियां दूर करने को कहा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।