दीवाली की रात चरम पर पहुंचा प्रदूषण, दिल्ली के कई केंद्रों पर नहीं दिखा डेटा; CPCB के आंकड़ों पर उठे सवाल
दिल्ली में दिवाली की रात प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, लेकिन सरकारी निगरानी केंद्रों से 500 AQI के बाद ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
दिवाली रात दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया।
500 AQI के बाद सरकारी केंद्रों से आंकड़े रुक गए।
उपकरणों की क्षमता अधिक, पर AQI गणना सीमा 500।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली में दीवाली की रात प्रदूषण ने कई इलाकों में बेहद खतरनाक स्तर छू लिया। लेकिन प्रदूषण बढ़ने के साथ ही सरकारी निगरानी केंद्रों से मिलने वाले आंकड़ों की रफ्तार भी थम गई।
आरके पुरम निगरानी केंद्र पर रात आठ बजे पीएम 2.5 का स्तर 504 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। रात नौ बजे यह बढ़कर 924 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। इसके बाद इस केंद्र से आंकड़े मिलने बंद हो गए।
कई इलाकों में घंटों तक नहीं मिला डेटा
नेहरू नगर, द्वारका, जेएनयू और मुंडका समेत कई अन्य निगरानी केंद्रों पर भी कई घंटे तक आंकड़े उपलब्ध नहीं रहे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या प्रदूषण का स्तर एक सीमा पार करने के बाद उपकरण मापना बंद कर देते हैं या आंकड़े दर्ज होने के बावजूद सार्वजनिक नहीं किए जाते?
दरअसल, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के निगरानी केंद्रों में लगे उपकरणों की क्षमता 500 एक्यूआइ तक सीमित नहीं है। बीटा एटेन्यूएशन मानिटर जैसे आधुनिक उपकरण हवा में मौजूद पीएम2.5 और पीएम 10 कणों की वास्तविक मात्रा मापते हैं।
इनकी मापने की क्षमता 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर या इससे अधिक सांद्रता तक हो सकती है। यानी हवा में प्रदूषण का स्तर 500 एक्यूआइ से आगे भी बढ़ता रहे तो उपकरण उसे मापने में सक्षम हैं।
एक्यूआइ की सीमा है 500, प्रदूषण की नहीं
असल में 500 की सीमा उपकरणों की नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के गणना फार्मूले की है। सीपीसीबी विभिन्न प्रदूषकों की सांद्रता के आधार पर एक्यूआइ की गणना करता है। इसमें अधिकतम सूचकांक 500 निर्धारित है।
इस वजह से प्रदूषण का स्तर इससे अधिक होने पर भी सरकारी एक्यूआइ 500 से आगे नहीं बढ़ता। यानी 500 एक्यूआइ और उससे ऊपर के वास्तविक प्रदूषण स्तर के बीच का अंतर सरकारी सूचकांक में सामने नहीं आ पाता।
निजी एजेंसियों के आंकड़े हजार के पार
यही वजह है कि अत्यधिक प्रदूषण के दौरान सीपीसीबी की वेबसाइट पर एक्यूआइ 500 या उसके आसपास दिखाई देता है, जबकि आइक्यूएयर जैसी अंतरराष्ट्रीय निगरानी संस्थाएं अपने अलग गणना पैमाने और प्रदूषण की सांद्रता के आधार पर 1000 से 1500 तक के आंकड़े दिखा सकती हैं। हालांकि, दोनों के एक्यूआइ की गणना पद्धति अलग होने के कारण उनकी सीधी तुलना नहीं की जा सकती।
क्या है विशेषज्ञों की राय?
विशेषज्ञों के अनुसार, 500 एक्यूआइ भी स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद गंभीर स्थिति है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि 500 के बाद प्रदूषण बढ़ने से कोई फर्क नहीं पड़ता। प्रदूषकों की वास्तविक सांद्रता जानना स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी और वैज्ञानिक अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण है।
इसलिए सीपीसीबी को स्पष्ट करना चाहिए कि दीपावली की रात 500 से अधिक प्रदूषण स्तर दर्ज करने के बाद आरके पुरम समेत कई केंद्रों से आंकड़े मिलने क्यों बंद हो गए। क्या उपकरणों में कोई तकनीकी समस्या आई, क्या आंकड़ों के प्रसंस्करण में दिक्कत हुई या केवल एक्यूआई की सीमा के कारण वास्तविक सांद्रता के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए? यदि उपकरण आंकड़े दर्ज कर रहे हैं तो उन्हें भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर तो स्तर और भी अधिक था। सिरी फोर्ट में दोपहर 12 बजे तक पीएम 2.5 की अधिकतम सांद्रता 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई, जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सार्वजनिक पोर्टल पर प्रदर्शित अब तक का उच्चतम मान है।
कई इलाकों में गंभीर श्रेणी में AQI
इसके बाद पंजाबी बाग में 993, आइजीआइ एयरपोर्ट टर्मिनल 3 और छावला में 989, आईएमडी लोधी रोड में 987, शादीपुर में 967, आइटीओ में 966, सीआरआरआई मथुरा रोड में 965, आया नगर में 961 और लोधी रोड में 958 सांद्रता दर्ज की गई।
देश भर में सर्वाधिक 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र दिल्ली में हैं ही। अगर कुछ समय के लिए कुछ खराब भी हो जाएं तो इससे एक्यूआइ की गणना में फर्क नहीं पड़ता। एक्यूआइ वैसे भी 24 घंटे का औसत होता है। रही बात एक्यूआइ की सीमा 500 तक दर्शाने की तो इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर मानक तय हैं, उसी के अनुरूप यह होता है।
-डा अनिल गुप्ता, सदस्य, सीपीसीबी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।