विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटाखों ने बढ़ाई उत्तर भारत की मुश्किलें, दिल्ली में पिछले पांच साल की सबसे प्रदूषित दीवाली; पहाड़ों पर भी हवा हुई जहरीली

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:10 PM (IST)

दीपावली के पटाखों, शांत हवा और अन्य कारणों से दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया।

दीपावली के बाद उत्तर भारत में जहरीली हुई हवा

दीपावली के बाद उत्तर भारत में जहरीली हुई हवा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक तो करेला दूसरे नीम चढ़ा। सर्दियां शुरू होते ही दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत की हवा जहरीली हो जाती है। इसके तमाम ज्ञात कारण भी हैं।

भौगोलिक स्थिति के अलावा सघन आबादी के चलते सड़कों पर वाहनों का रेंगने वाला रेला, इस मौसम में फसलों के अवशेषों का जलना साथ ही सड़कों और निर्माण स्थलों से धूल का उड़ना इसके बड़े कारण हैं।

इन वजहों से पहले ही यहां की वायु काफी हद तक विषाक्त हो गई थी, जो कसर रह गई थी, उसे दीपावली के पटाखों ने पूरी कर दी। यही वजह है कि इस भूभाग के तमाम बड़े शहरों-कस्वों की हवा की गुणवत्ता दीपावली के एक दिन पहले के मुकाबले अगले दिन कहीं अधिक दूषित पाई गई। लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है।

जानकार बताते हैं कि इस हवा में अगर कोई कुछ घंटे रह ले तो समझो वह कई सिगरेट जितना धुंआ अंदर खींच चुका है। हर साल सामने आने वाली इस समस्या से निजात न तो शासन दिला पा रहा है और न ही सुप्रीम कोर्ट।

भला हो पवन देव का, जिनके झोंके से प्रदूषण में थोड़ी कमी आई। दीपावली के बाद कश्मीर से लेकर कोलकाता तक एक दिन पहले तक सामान्य रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) दीवाली के दिन कई गुना बढ़ा गया।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक्यूआइ का स्तर 350 से ऊपर रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। राहत की बात यह रही कि अगले ही दिन ज्यादातर शहरों का एक्यूआइ गिरकर पूर्व की स्थिति में पहुंच गया।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि पटाखों के कारण प्रदूषण में वृद्धि जरूर हुई, लेकिन इसकी एक बड़ी वजह हवा का मंद और शांत रहना भी रहा। हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहे। सोमवार को हवा की गति बढ़ी तो प्रदूषण का स्तर कम होने लगा।

राजधानी दिल्ली इस बार पिछले पांच सालों की सबसे प्रदूषित दीवाली दर्ज की गई, जिसमें औसत एक्यूआइ 376 रहा। हालांकि सोमवार को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवा चलने से एक्यूआइ घटकर 344 पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में लखनऊ की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई, जहां एक्यूआइ 300 के पार हो गया।

अयोध्या में एक दिन पहले एक्यूआइ 180 था, जो दीवाली के दिन 231 दर्ज किया गया। कानपुर में सामान्य दिनों में 150 से 200 रहने वाला एक्यूआइ दीवाली के दिन 230 पर पहुंच गया। हालांकि सोमवार को यह 221 पर आ गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नोएडा में 332, ग्रेटर नोएडा में 252, गाजियाबाद में 324 एक्यूआइ दर्ज किया गया।

राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे प्रदूषित शहर रहा है। सोमवार को यहां एक्यूआइ 565 दर्ज किया गया, जो दीवाली से एक दिन पूर्व 300 से कम था। कोलकाता में दीवाली की रात एक्यूआइ 623 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, जो शनिवार को 190 और सोमवार शाम छह बजे 150 रहा।

पंजाब में जालंधर और मंडी गोबिंदगढ़ में 24 घंटे का एक्यूआइ 336 दर्ज किया गया।पहाड़ भी इससे अछूते नहीं रहे, जहां की हवा अपेक्षाकृत साफ रहती है लेकिन आतिशबाजी के कारण उत्तराखंड के प्रमुख शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ा है।

देहरादून में एक्यूआइ 272 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 157 था। हरिद्वार में एएक्यूआइ 168 रहा, जबकि एक दिन पहले 115 था। नैनीताल में दीपावली पर 117 रहा, जो एक दिन पहले 88 था। जम्मू में एक्यूआइ सामान्यतः 125 से 140 के बीच रहता है, लेकिन सोमवार को यह 170 दर्ज हुआ है।

हिमाचल प्रदेश में दीवाली के दिन एक्यूआइ 403 तक पहुंच गया। हालांकि अगले दिन इसमें गिरावट आई और 202 दर्ज किया गया।

देश के प्रमुख शहरों का एक्यूआइ

शहर--7 नवंबर--8 नवंबर--9 नवंबर

श्रीनगर--184--243--324

कोलकाता--190--623--150

लखनऊ--282--315--364

इंदौर- 500--708--785

श्रीगंगानगर--300-359--565

रायपुर 195--210--225

बहादुरगढ़--340--310--400

पंजाब में  400 गुना बढ़े पराली जलाने के मामले

दीवाली पर रोशनी से जगमगाते पंजाब का आसमान धुएं की चादर में सिमट गया। कारण राज्य में एक ही दिन में सीजन में सबसे अधिक 1,152 जगह पराली जलाई गई। वर्ष 2024 में दीवाली पर पराली जलाने के 484 केस सामने आए थे, वर्ष 2025 में इनकी संख्या मात्र 25 रह गई थी, लेकिन 2026 में 1,152 हो गई।

यह पिछले वर्ष के मुकाबले 400 गुना और 2024 के मुकाबले करीब 2.5 गुना ज्यादा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आठ नवंबर तक प्रदेश में पराली जलाने के 3,622 मामले आए थे, जबकि इस साल इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 4,459 हो गई है। यानी पिछले साल के मुकाबले 837 मामले अधिक दर्ज किए गए हैं। यह वृद्धि 23 प्रतिशत से ज्यादा है।

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो तरनतारन 654 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। फिरोजपुर में 592, संगरूर में 488, बठिंडा में 406 और पटियाला में 288 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अमृतसर में 247, बरनाला में 230, लुधियाना में 193, मोगा में 188 और फरीदकोट में 170 घटनाएं सामने आई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।