दिल्ली बॉर्डर पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, 12 दिन में 4,272 प्रतिबंधित वाहनों को लौटाया; 246 के कटे चालान
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर पुलिस ने सीमाओं पर प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश पर सख्ती बढ़ाई है। उत्तरी रेंज ट्रैफिक ने 12 दिनों में 41,986 वाहनों की जांच की, जिनमें से 4,272 को वापस लौटा दिया गया।
-1795171885580_m.webp)
दिल्ली बॉर्डर से कई वाहनों को ट्रैफिक पुलिस ने लौटाया। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
यातायात पुलिस ने दिल्ली की सीमाओं पर सख्ती बढ़ाई।
12 दिनों में 41,986 वाहनों की गहन जांच की गई।
4,272 प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोका गया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के बीच दिल्ली की सीमाओं पर प्रतिबंधित वाहनों की एंट्री रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है।
उत्तरी रेंज ट्रैफिक ने 12 दिनों के दौरान बार्डर पर 41,986 वाहनों की जांच की। इनमें से 4,272 वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से पहले ही वापस लौटा दिया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 246 वाहनों के चालान किए गए।
उत्तरी रेंज में चलाया गया विशेष अभियान
यातायात पुलिस के अधिकारी के मुताबिक, उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने यह विशेष अभियान आठ से 19 नवंबर तक चलाया। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तहत लागू प्रतिबंधों और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है।
इस दौरान नरेला और अमन विहार ट्रैफिक सर्कल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बार्डर प्वाइंट पर ट्रैफिककर्मियों की तैनाती की गई है।
बॉर्डर पर जारी रहेगा जांच अभियान
पुलिसकर्मियों को प्रतिबंधित वाहनों की पहचान कर उन्हें दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बॉर्डर पर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही ग्रैप और सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।