दिल्ली-NCR में बन चुका था आतंक का दूसरा 'नाम', एनकाउंटर में ढेर कुख्यात नसीम की पूरी क्राइम कुंडली
Delhi Gangster Naseem Rizwan Encounter: कुख्यात नसीम, जो दिल्ली और एनसीआर में आतंक का पर्याय बन चुका था, आखिरकार दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 25 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित होने के कारण वह पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द था।

कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी एनकाउंटर में ढेर (फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
कुख्यात अपराधी नसीम उर्फ रिजवान दिल्ली में गिरफ्तार।
कानून मंत्री कार्यालय के पास गैंगवार से पुलिस रडार पर।
हत्या, लूट सहित 25 से अधिक मामलों में वांछित था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Naseem Alias Rizwan Encounter: उत्तर-पूर्वी दिल्ली और एनसीआर में आतंक का पर्याय बन चुका कुख्यात और आदतन अपराधी नसीम उर्फ रिजवान पिछले कुछ दिनों से दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका था।
कानून मंत्री के कैंप कार्यालय के बाहर गैंगवार में अपने विरोधी गिरोह के एक बदमाश पर ताबड़तोड़ गोलियां चला बेरहमी से हत्या करने के मामले में वह पुलिस के रडार पर आ गया था। इसके बाद ही पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के निर्देश पर स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया था।
25 आपराधिक मामलों में शामिल रहा
न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर का रहने वाला नसीम, हत्या, हत्या के प्रयास, हथियारों के बल पर लूटपाट, वसूली और पुलिस टीम पर हमले जैसे 25 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वर्तमान में तीन आपराधिक मामले में वह वांछित चल रहा था जिससे दिल्ली और यूपी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

कुख्यात नदीम के खिलाफ दर्ज अपराधिक मामले। जागरण
तेजी से बढ़ रहा था नेटवर्क
पुलिस डोजियर को देखें तो नसीम का आपराधिक नेटवर्क तेजी से बढ़ता जा रहा था। पूर्व में उसके अंडरवर्ल्ड (डी-कंपनी) से जुड़ने की बात भी सामने आई थी। दिवंगत पाकिस्तानी-कनाडाई पत्रकार तारिक फतह को धमकी देने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था।
वहीं, जिन तीन मामलों में पुलिस को नसीम की तलाश थी उनमें पहला सोनिया विहार हत्याकांड (16 नवंबर) था। 16 नवंबर को खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार स्थित जीरो पुश्ता के पास स्कूटी सवार समीर उर्फ भूरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार हमलावरों ने समीर को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं।
जांच में नसीम द्वारा वारदात को अंजाम देने का पता चला था। वह हत्या उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सक्रिय नसीम दुर्रानी और हारून सैफी गिरोहों के बीच चल रही पुरानी गैंगवार का नतीजा था।

मुठभेड़ के दौरान बरामद की गई गन। जागरण
दूसरा राजा मेवाती हत्याकांड (26 मई): 26 मई को खजूरी खास के एफ-ब्लाक (गली नंबर 15) के पास हुई फायरिंग में राजा मेवाती नाम के बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस वारदात को भी नसीम ने ही अंजाम दिया था।
तीसरा लोनी (गाजियाबाद) में जानलेवा हमला (11 जून 2025): लोनी के ईदगाह रोड (त्यागी मार्केट) पर बाइक की खरीद-फरोख्त के 25 हजार रुपये के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। नसीम ने बकाया रकम वसूलने के लिए शाहबाज को बुलाया था, लेकिन 12 हजार रुपये देने की बात पर विवाद बढ़ गया। बीच-बचाव करने आई एक राहगीर महिला बाबी उर्फ बबीता पर शाहबाज और सलीम ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी थी। नसीम की संलिप्तता सामने आने पर लोनी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।

मुठभेड़ के दौरान बरामद की गई गन। जागरण
2010 से अपराध की दुनिया में था सक्रिय
नसीम का आपराधिक इतिहास 2010 से शुरू हुआ था। 2010 में उसने गोकुलपुरी इलाके में हत्या और लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। 2014 में गोकुलपुरी थाना क्षेत्र में अपने एक साथी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए नसीम और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला बोला था।
नसीम की आपराधिक कुंडली
नसीम पर खजूरी खास, गोकुलपुरी, दयालपुर, जाफराबाद, हर्ष विहार, करावल नगर, भजनपुरा, सराय रोहिल्ला (दिल्ली), लोनी व सिहानी गेट (गाजियाबाद) के अलावा स्पेशल सेल में 25 से अधिक केस दर्ज हैं। स्पेशल सेल ने उसे आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश के मामले में गिरफ्तार किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।