जहरीली हुई दिल्ली की हवा, इन इलाकों में अत्याधिक प्रदूषण, लोगों का सांस लेना मुश्किल
सीआरईए के विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली में इस सर्दी में प्रदूषण के नए हॉटस्पॉट सामने आए हैं, जिनमें आइटीओ, डीटीयू, ...और पढ़ें

दिल्ली में प्रदूषण के नए हॉटस्पॉट ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
आइटीओ, डीटीयू, पूसा नए शीर्ष प्रदूषित इलाकों में शामिल।
जहांगीरपुरी, रोहिणी पुराने हॉटस्पॉट में शीर्ष-10 पर बरकरार।
स्थानीय स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए लक्षित उपाय आवश्यक।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में सर्दियों के दौरान प्रदूषण का बोझ अब कुछ पुराने हॉटस्पॉट तक सीमित नहीं रह गया है। इस बार प्रदूषण की सबसे ज्यादा मार झेलने वाले इलाकों की सूची में कई नए नाम हैं।
आईटीओ, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू), पूसा, सोनिया विहार और नार्थ कैंपस पहली बार शीर्ष 10 प्रदूषित इलाकों में शामिल हुए हैं। वहीं, छह इलाके ऐसे हैं, जो पिछले पांच सर्दियों से लगातार दिल्ली के सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल हैं।
सेंटर फार रिसर्च आन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया है। इस विश्लेषण में अक्टूबर से फरवरी के दौरान पिछली छह सर्दियों के पीएम 2.5 स्तरों की तुलना की गई है। हालांकि, मौजूदा सर्दियों (2026-27) के आंकड़े 13 नवंबर तक के ही हैं।
आईटीओ की रैंकिंग में बड़ा उछाल
पिछले वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। आईटीओ, जो 2021-22 की सर्दियों में 17वें और 2022-23 में 13वें स्थान पर था, अगले दो वर्षों में 24वें और 26वें स्थान पर पहुंच गया था।
पिछले सीजन में यह 18वें स्थान पर रहा, लेकिन अक्सर रहने वाले यातायात जाम के कारण इस बार सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इसी तरह डीटीयू 2021-22 में 13वें स्थान पर था, लेकिन अगले सीजन में 37वें स्थान पर खिसक गया। इसके बाद तीन सर्दियों तक 27वें से 39वें स्थान के बीच बना रहा। इस बार बायोमास जलाने और धूल उड़ने से पांचवें स्थान पर पहुंचना इसके आसपास बढ़ते प्रदूषण के दबाव को दर्शाता है। पूसा, सोनिया विहार और नार्थ कैंपस की रैंकिंग में भी यातायात जाम के कारण उल्लेखनीय उछाल आया है।
छह पुराने हॉटस्पॉट में से सिर्फ दो शीर्ष-10 में
विश्लेषण का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि छह इलाके पिछले लगातार पांच सर्दियों से दिल्ली के दस सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल रहे हैं। इनमें जहांगीरपुरी, रोहिणी, मुंडका, वजीरपुर, नेहरू नगर और आनंद विहार शामिल हैं। लेकिन इस बार इनमें से सिर्फ जहांगीरपुरी और रोहिणी ही शीर्ष-10 में बने हुए हैं।
मुंडका 13वें, वजीरपुर 35वें, नेहरू नगर 38वें और आनंद विहार 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यानी पुराने प्रदूषण हाटस्पाट की स्थिति में भी बदलाव आया है। आरके पुरम ने भी इस बार शीर्ष दस में वापसी की है।
पीएम 10 के मामले में आईआईटी दिल्ली सबसे ऊपर
पीएम 10 के आंकड़ों में प्रदूषण की तस्वीर अलग दिखाई देती है। इस मामले में आईआईटी दिल्ली 326 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर के औसत स्तर के साथ पहले स्थान पर है। जहांगीरपुरी 305 और चांदनी चौक 299 माइक्रोग्राम के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
इसके बाद मुंडका (292), द्वारका सेक्टर-8 (282), पंजाबी बाग (273), वजीरपुर (270), रोहिणी (268), सीआरआरआइ मथुरा रोड (267) और दिल्ली विश्वविद्यालय का नार्थ कैंपस (263) शामिल हैं।
सिर्फ शहर नहीं, मोहल्लों के स्तर पर भी उठाने होंगे कदम
सीआरईए के मनोज कुमार के मुताबिक, दिल्ली पहले से ही प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रही है, लेकिन शहर के कुछ मोहल्लों में स्थिति और खराब है। यहां स्थानीय उत्सर्जन स्रोतों के कारण प्रदूषण का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
ऐसे इलाकों में सालभर लक्षित उपायों की जरूरत है, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण किया जा सके। मसलन, यातायात जाम को नियंत्रित करना, कचरा जलाने पर रोक सुनिश्चित करना, टूटी सड़कों की मरम्मत करना व भलस्वा लैंडफिल साइट पर भी कूड़े के ढेर को कम करना।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग ने पहले ही 13 इलाकों को आधिकारिक प्रदूषण हाटस्पाट के रूप में चिह्नित किया था। इनमें आनंद विहार, ओखला, मुंडका, द्वारका, बवाना, आरके पुरम, रोहिणी, नरेला, जहांगीरपुरी, विवेक विहार, वजीरपुर, अशोक विहार और पंजाबी बाग शामिल हैं।
इनकी पहचान पीएम10 का सालाना औसत 300 और पीएम2.5 का स्तर 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर से अधिक होने के आधार पर की गई थी।
इस सीजन के शीर्ष-10 प्रदूषित इलाके
इलाका -पीएम 2.5 (माइक्रोग्राम/घनमीटर)
जहांगीरपुरी 160
पंजाबी बाग 156
आईटीओ 152
विवेक विहार 148
डीटीयू 145
रोहिणी 144
पूसा 141
सोनिया विहार 139
नार्थ कैंपस 139
आरके पुरम 138
यह भी पढ़ें- दिल्ली में फिर गैंगवार, शेयरिंग ऑटो को लेकर भिड़े गुट, पुलिस की पकड़ से दूर नसीम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।