जाम, धूल और फैक्ट्रियों के धुएं ने बढ़ाई दिल्ली की मुसीबत, ITO से यमुनापार तक हालात गंभीर; ये इलाके बने नए हॉटस्पॉट
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के नए हॉटस्पॉट वाहनों के दबाव, निर्माण कार्यों की धूल और औद्योगिक धुएं से गंभीर चुनौतियों ...और पढ़ें

दिल्ली में लगा भीषण जाम। फोटो-चंद्र प्रकाश मिश्र
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के बढ़ते प्रदूषण हॉटस्पॉट पर वाहनों का दबाव, जाम और निर्माण कार्यों से उड़ती धूल बड़ी चुनौती बन रहे हैं। वाहनों का बढ़ता दबाव नए हॉटस्पॉट पर साफ देखा जा रहा है।
शुक्रवार को की गई पड़ताल में देखा गया कि आइटीओ, जेएलएन स्टेडियम, सिरी फोर्ट, मथुरा रोड और जेएनयू के आसपास पीक आवर्स में जाम के चलते वाहनों का धुआं प्रदूषण बढ़ा रहा है। वहीं मुकरबा चौक और अशोक विहार में सड़क की खामियां बाटलनेक बन रही हैं।
बाहरी दिल्ली में प्रदूषण का मुख्य कारण
बाहरी दिल्ली में टूटी सड़कों, अवैध निर्माण और औद्योगिक इकाइयों का धुआं परेशानी बढ़ा रहा है। यमुनापार के नए हॉटस्पॉटसोनिया विहार और विवेक विहार में रेडीमिक्स प्लांट, निर्माण सामग्री की धूल और फैक्ट्रियों का धुआं प्रदूषण की प्रमुख वजह है। यानी प्रदूषण से लड़ाई में सड़क प्रबंधन और औद्योगिक निगरानी दोनों जरूरी हैं।
आईटीओ चौक प्रदूषण का नया हॉटस्पॉट
मध्य दिल्ली के सबसे व्यस्ततम आइटीओ चौक को नए हॉटस्पॉट में शामिल किया गया है। इस चौक पर चारों ओर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। यहां एक के बाद एक चार रेड लाइट हैं। इस चौक पर विकास मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग तिलक मार्ग व मथुरा रोड की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं।
आईटीओ की वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही मेनुअल रूप से रेडलाइट को आपरेट किया जाता है। इस मार्ग पर वाहनों के दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर बनाए जाने की आवश्यकता है।
जेएलएन स्टेडियम के पास ट्रैफिक
शाम को पीक आवर्स में आसपास की सड़कों वाहनों का दबाव रहता है। सड़कों की चौड़ाई अपेक्षाकृत कम है और जगह-जगह सिग्नल लगे हैं। दबाव बढ़ने पर वाहन चालकों की ओर से सिग्नल जंप करने पर प्रमुख चौराहे चोक हो जाते हैं। यहां ट्रैफिक लाइटों की टाइमिंग कम रखते हुए पीक समय में चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती, ताकि ट्रैफिक लाइटों का पालन सुनिश्चित हो।
सिरी फोर्ट पर भी दबाव
हौज खास, ग्रीन पार्क, खेल गांव और एंड्रयूज गंज को जोड़ने वाले अगस्त क्रांति मार्ग पर शाम के पीक समय में दफ्तर से लौटने वालों का भारी दबाव रहता है। आधा दर्जन कट और ट्रैफिक लाइट के चलते शाम को अक्सर जाम की समस्या रहती है।
इन प्रमुख कट और लाल बत्ती पर बायें या दायें मुड़ने वाली लेन एवं सामने जाने वाली लेन को अलग-अलग रखा जाए। इसे सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिककर्मी तैनात किए जाएं।
मोदी मिल फ्लाईओवर समेत मथुरा रोड
आश्रम से बदरपुर के आठ किलोमीटर के हिस्से पर कई जगह गलत रोड इंजीनियरिंग और कट हैं, जिसके चलते नोएडा और फरीदाबाद से आने वाले वाहनों का मुख्य रास्तों पर आपस में क्रास करते हैं। मोदी मिल फ्लाईओवर का कालकाजी फ्लाईओवर तक विस्तार कार्य के चलते भी नया बाटलनेक बना है। इसके चलते मोदी मिल फ्लाईओवर समेत पीछे मथुरा रोड तक जाम लग रहा है।
पीडब्ल्यूडी की यह रोड एनएचएआइ को सौंपी गई है। चौड़ाई बढ़ाते हुए फ्लाईओवर बनाते हुए इसे सिग्नल फ्री करने का प्रस्ताव है। वहीं आउटर रिंग रोड पर बाटलनेक कम करने के लिए कालकाजी फुटओवर ब्रिज हटाया जाना प्रस्तावित है, जो ग्रेप नियम लागू होने के चलते रुका है।
जेएनयू के पास पीक-आवर में हैवी ट्रैफिक
जेएनयू रिंग रोड, न्यू महरौली रोड और मुनिरका के आसपास सुबह व शाम के समय हैवी ट्रैफिक रहती है। वहीं पीक-आवर में ट्रैफिक और सुरक्षा जांच के चलते भी अक्सर वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ता है।
सुझाव: सुरक्षा जांच की प्रक्रिया तीव्र करते हुए पीक समय में राहत दी जाए, ताकि यातायात पर इसका न्यूनतम प्रभाव रहे।
निर्माणकार्यों की धूल और फैक्ट्रियों का धुआं
उत्तरी बाहरी दिल्ली में बाहरी रिंग रोड पर डिवाइड निर्माण, शालीमार बाग में मैक्स अस्पताल वाला रोड, बुराड़ी, नांगलोई, मंगोलपुरी, बवाना, कंझावला आदि देहात के क्षेत्र में टूटी सड़कों की उड़ती धूल प्रदूषण का कारण बन रही है। इसके अलावा बवाना, नरेला, मंगोलपुरी आदि औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ा रहा है। ॉसीमा पार बहादुरगढ़ व खरखौदा में लगी फैक्ट्री का धुंआ भी राजधानी का प्रदूषण बढ़ाने में अहम है। बाहरी क्षेत्र की अवैध कालोनियों में चल रहे भवन निर्माण की सामग्री ले जाने वाले ट्रकों की धूल भी प्रदूषण बढ़ा रही हैं।
मुकरबा चौक व अशोक विहार बने बाटल नैक
मुकरबा चौक पर रेलवे ओवर ब्रिज व अशोक विहार का अंडर पास दोनों बाटल नैक बने हुए हैं। यहां सुबह-शाम को जाम लगा रहता है। मुकरबा चौक को रेलवे से सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पास होने का इंतजार है। जबकि अशोक विहार अंडर पास से निकलते ही रेड लाइट व अंडर पास का संकरा होना जाम की मुख्य वजह है।
द्वारका मोड़ के पास रहती है जाम की स्थिति
एनएसयूटी द्वारका सेक्टर तीन द्वारका मोड़ के पास है। द्वारका मोड़ के पास व्यस्त समय में लाल बत्ती पर भयानक जाम की स्थिति होती है। इससे द्वारका मोड़ से वाहनों का जो कतार शुरु होता है वह एनएसयूटी के मुख्य द्वार तक कई बार पहुंच जाता है। इससे वाहनों का धुआं प्रदूषण का मुख्य कारण है।
इसके अलावा यहां सड़क के दूसरी ओर इंडियन आयल के पाइपलाइन के कारण सड़क का काफी हिस्सा कच्चा है, जिससे धूल उड़ती है। यहां मोटर गैराज भी बड़ी संख्या में है। इससे भी प्रदूषण होता है।
यमुनापार में फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं बढ़ा रहा प्रदूषण
यमुनापार में प्रदूषण के दो नए हाटस्पाट सोनिया विहार और विवेक विहार बनाए गए हैं। विवेक विहार में झिलमिल, फ्रेंड्स कालोनी और दामोदर पार्क औद्योगिक क्षेत्रों की फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ा रहा है। इसके अलावा आनंद विहार के नजदीक होने से वाहनों का दबाव अधिक रहता है और जाम के दौरान धूल उड़ती है।
वहीं, सोनिया विहार के आसपास संचालित रेडीमिक्स प्लांट और भवन निर्माण सामग्री लेकर आने-जाने वाले ट्रकों से उड़ने वाली धूल प्रदूषण बढ़ा रही है। इन गतिविधियों के चलते दोनों इलाकों को नए प्रदूषण हाटस्पाट के रूप में चिह्नित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।