मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक करने वाले सावधान, बढ़ता प्रदूषण कर सकता है गंभीर बीमार; डॉक्टरों ने दी बचने की सलाह
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण सुबह-शाम खुले में टहलना या कसरत करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। ...और पढ़ें

दिल्ली में सुबह के समय में प्रदूषण। फोटो-दैनिक जागरण
HighLights
प्रदूषण में खुले में टहलना, कसरत गंभीर बीमारियों का कारण।
सूक्ष्म प्रदूषक कण फेफड़ों, हृदय और रक्तप्रवाह को प्रभावित करते हैं।
एम्स विशेषज्ञों ने घर के अंदर व्यायाम करने की सलाह दी।
अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली में रहते हैं और सुबह-शाम खुले में टहलने या कसरत करने की आदत है तो फिलहाल इसे बदल लीजिए। प्रदूषण के मौजूदा स्तर में सेहत बनाने के लिए की जा रही सुबह-शाम की सैर और कसरत गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।
हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण सांस के जरिये फेफड़ों में गहराई तक पहुंचकर रक्तप्रवाह में शामिल हो सकते हैं। इससे फेफड़ों के साथ हृदय, रक्त वाहिकाओं और शरीर के दूसरे अंगों पर भी बुरा असर पड़ता है।
एम्स के विशेषज्ञों ने दी सलाह
एम्स के विशेषज्ञों और पूर्व निदेशक ने लोगों को प्रदूषण के दौरान खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
सैर करना भी सुरक्षित नहीं
एम्स के पल्मोनरी विभाग के प्रमुख प्रो. अनंत मोहन ने प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को सुबह-शाम टहलने और खुले में व्यायाम करने से बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इसकी बजाए घर के अंदर या फिर सुरक्षित वातावरण में सैर या कसरत करें। उनकी सलाह अनुसार ऐसे में बच्चों को भी बाहर खेलने से रोकने और सभी को घर के अंदर ही शारीरिक गतिविधियां कराने की आवश्यकता है।
एम्स के पल्मोनरी विभाग के पूर्व प्रमुख और पीएसआरआइ अस्पताल के पल्मोनरी, क्रिटिकल केयर एवं स्लीप मेडिसिन विभाग के चेयरमैन प्रो. डा. जीसी खिलनानी के अनुसार प्रदूषण के सूक्ष्म कण फेफड़ों से रक्तप्रवाह में पहुंचकर हृदय, रक्त वाहिकाओं और शरीर के दूसरे अंगों को प्रभावित कर सकते हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
स्वस्थ लोगों को भी हो रही परेशानी
एम्स के पूर्व निदेशक डा. रणदीप गुलेरिया ने भी प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को लेकर आगाह किया है। उनके अनुसार, प्रदूषण का असर केवल पहले से बीमार लोगों पर नहीं पड़ता, बल्कि स्वस्थ लोग भी गले में जलन, खांसी, सांस लेने में परेशानी और घरघराहट जैसी समस्याओं से प्रभावित हो रहे हैं।
ठंड के मौसम में प्रदूषक कण जमीन के नजदीक जमा हो सकते हैं। ऐसे में सुबह जल्दी और देर शाम बाहर टहलने या जागिंग करने से प्रदूषित हवा के संपर्क में आने का खतरा बढ़ जाता है।
एन95 मास्क पहनने की सलाह
फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग के रेस्पिरेटरी मेडिसिन एवं रेस्पिरेटरी क्रिटिकल केयर विभाग के सीनियर डायरेक्टर एवं एचओडी डा. विकास मौर्य के अनुसार प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म विषैले कण नाक के प्राकृतिक फिल्टर को पार कर फेफड़ों में पहुंच जाते हैं। इससे शरीर में सूजन बढ़ती है और अस्थमा व ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियां गंभीर हो सकती हैं।
हृदय पर दबाव बढ़ने के साथ सीने में असहजता भी हो सकती है। बाहर निकलना आवश्यक हो तो अच्छी तरह फिट होने वाला एन95 मास्क पहनें। कपड़े और ढीले सर्जिकल मास्क पीएम 2.5 के सूक्ष्म कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देते। अस्थमा और सीओपीडी के मरीज निर्धारित इन्हेलर और दवाएं नियमित लेते रहें। चिकित्सक की सलाह के बिना दवा बंद न करें।
घर के अंदर भी रखें सावधानी
प्रदूषण अधिक होने पर घर की खिड़कियां बंद रखें और संभव हो तो हेपा फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करें। पर्याप्त पानी पिएं। संतरा, नींबू और आंवला जैसे विटामिन सी से भरपूर फल आहार में शामिल करें। इन्फ्लूएंजा और न्यूमोकोकल संक्रमण से बचाव के लिए चिकित्सक की सलाह से टीकाकरण भी कराएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।