दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में ICU हेल्पलाइन पर हर हफ्ते ड्रॉप हो रहे सैकड़ों कॉल, HC ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में ICU बेड की जानकारी देने वाली हेल्पलाइन पर हर सप्ताह 300-500 कॉल ड्रॉप हो रही ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
आईसीयू बेड हेल्पलाइन पर हर सप्ताह 300-500 कॉल ड्रॉप।
हाई कोर्ट ने स्टाफ कमी, उपकरण उपलब्धता पर दिल्ली सरकार से रिपोर्ट मांगी।
यूपीएससी, डीएसएसएसबी को रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने का निर्देश।
विनीत त्रिपाठी, नई दिल्ली। सरकारी अस्पतालों में आइसीयू बेड की उपलब्धता की मरीजों को आसानी से मिलने वाली जानकारी को लेकर तमाम दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसे अमलीजामा पहनाने में अफसर नाकाम साबित हो रहे हैं।
आंकड़ों पर गौर करें तो सरकारी अस्पतालों में आइसीयू बेड की जानकारी देने वाली हेल्पलाइन पर हर सप्ताह 300 से 500 कॉल ड्राप हो रही हैं।
हाई कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल
हाई कोर्ट में दाखिल की गई रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर माह में टोल फ्री नंबर-102 पर प्रतिदिन औसतन 2,186 काल प्राप्त हुई थीं, जबकि प्रतिदिन औसतन 22 प्रतिशत यानी 484 कॉल ड्राप हुईं। आइसीयू बेड को लेकर सितंबर 2026 में 57 और अक्टूबर 2026 में 41 पूछताछ दर्ज की गईं।
इसके अलावा खाली पदों व उपकरणों की कमी सहित अन्य बिंदुओं को लेकर न्यायमूर्ति प्रतिबा एम सिंह व न्यायमूर्ति मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की पीठ ने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को संबंधित विभागों के साथ बैठक कर स्थिति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। मामले पर अगली सुनवाई 17 दिसंबर को होगी।
कॉल ड्रॉप की समस्य होगी दूर
सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रामा सर्विसेज (सीएटीएस) के संचालन प्रमुख आलोक कुमार द्विवेदी द्वारा दाखिल की गई रिपोर्ट में कहा कि कॉल ड्रॉप की समस्या को दूर करने के लिए दस अतिरिक्त हेल्पडेस्क लाइनें शुरू की जाएंगी और 24 घंटे सेवा के लिए जरूरी स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी।
सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की कमी
सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की कमी पर सख्त रुख अपनाते हुए अदालत ने दिल्ली सरकार को दो सप्ताह के अंदर विभिन्न रिक्त पदों के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को मांग-पत्र भेजने का निर्देश दिया। साथ ही यूपीएससी से जनवरी-मार्च 2027 के वार्षिक चक्र की प्रतीक्षा किए बिना भर्ती शुरू करने को कहा गया।
साथ ही अदालत ने लोकनायक, गुरु तेग बहादुर, जीबी पंत और संजय गांधी अस्पताल के एमएस व एमडी को 30 नवंबर तक जरूरी व अनुपयोगी उपकरणों की सूची दिल्ली सरकार को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अदालत ने एमआरआइ, अल्ट्रासाउंड और स्कैन की मुफ्त जांच निजी क्षेत्र से आउटसोर्स करने पर विचार करने को कहा। अदालत ने इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव को खर्च और संविदा वेतन बढ़ाने के असर का आकलन करने का भी निर्देश दिया।
दो महीने में पूरी हो संविदा पर भर्ती
कोर्ट को बताया गया कि उपराज्यपाल के आदेश पर सभी अस्पतालों के एमएस/एमडी को काम बाधित न हो, इसके लिए संविदा कर्मचारियों को बनाए रखने की अनुमति दी गई है। इस पर पीठ ने कहा कि सभी अस्पतालों के एमएस/एमडी, मौलाना आजाद मेडिकल कालेज की डीन डा. मुनीषा अग्रवाल की अध्यक्षता वाले बोर्ड के जरिए संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति करें।
यह प्रक्रिया दो महीने में पूरी की जाए और डा. मुनीषा अग्रवाल अगली सुनवाई पर इस संबंध में स्थिति रिपोर्ट पेश करें। साथ ही अदालत ने अगली सुनवाई पर उन्हें अदालत में मौजूद भी रहने को कहा।
इसके साथ ही अदालत ने पैरामेडिकल स्टाफ के खाली पदों पर भी दो महीने में संविदा नियुक्ति का आदेश दिया और इस संबंध में डीएसएसएसबी को भर्ती की स्थिति रिपोर्ट पेश करने को कहा। पीठ ने कहा कि पूर्व में ऐसा सामने आया है कि चयनित अभ्यर्थी कई बार ज्वाइन नहीं करते, ऐसे में पर्याप्त वेटिंग लिस्ट भी रखी जाए।
| पद | कुल स्वीकृत पद | भरे हुए पद | खाली पद |
|---|---|---|---|
| जनरल ड्यूटी मेडिकल आफिसर | 1,785 | 1,140 | 645 |
| नान-टीचिंग स्टाफ | 926 | 520 | 406 |
| पैरामेडिकल स्टाफ | 4,462 | 3,658 | 804 |
| कुल योग | 7,173 | 5,318 | 1,855 |
यह भी पढ़ें- भाईदूज पर दिल्ली में नहीं होगी बसों की किल्लत, DTC का स्पेशल एक्शन प्लान, सुबह 7:30 बजे से मिलेंगी अतिरिक्त बसें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।