दिल्ली में धूल पर लगाम लगाने की रफ्तार सुस्त, 200 में से सिर्फ 40 एंटी स्मॉग गन तैयार; मंत्री ने दी चेतावनी
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के बावजूद धूल नियंत्रण के लिए एंटी-स्मॉग गन की तैनाती धीमी है। नई मशीनों में देरी ...और पढ़ें

ट्रक माउंटेड एंटी स्माॅग गन लगाने की तैयारी अधूरी। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है, लेकिन सड़कों पर धूल नियंत्रण के लिए ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन लगाने की तैयारी अभी अधूरी है।
लोक निर्माण विभाग ने 200 पुरानी एंटी स्मॉग गन लगाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब तक इनमें से करीब 40 मशीनें ही दिल्ली की सड़कों पर उतर पाई हैं। ऐसे में प्रदूषण के शुरुआती दौर में ही धूल नियंत्रण की व्यवस्था की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं।
नई मशीनें तैयार होने में लग रहा समय
दरअसल, लोक निर्माण विभाग में अभी तक प्रति वर्ष के लिए किराये पर एंटी स्मॉग गन ली जाती थीं। इस बार सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है।
इस बार अगले तीन वर्षों के लिए पहली बार नई ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन किराये पर लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन नए ट्रकों के चेसिस पर मशीनें तैयार करने में समय लग रहा है।
क्योंकि ट्रक की चेसिस पर अलग से मशीन फिट की जाती है। इस बीच प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास प्रभावित न हों, इसलिए पहले से इस्तेमाल हो रहीं मशीनों में से 200 मशीनों को दो माह के लिए लगाने का फैसला किया गया है।
हालांकि, इन मशीनों को तभी अनुमति मिलेगी, जब उनके साथ लगाए जाने वाले ट्रकों के पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र होगा।
फिटनेस जांच के लिए बनाई दो समितियां
इन मशीनों को सड़कों पर उतारने से पहले उनकी भौतिक और तकनीकी फिटनेस की जांच कराई जाएगी। इसके लिए विभाग ने दो समितियों का गठन किया है। समितियां मशीनों की कार्यक्षमता की जांच करने के साथ उनका फिटनेस प्रमाणपत्र भी जारी करेंगी।
बिना जांच और प्रमाणपत्र के किसी भी एंटी स्मॉग गन को स्थापित करने, चलाने या तैनात करने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली में लोक निर्माण विभाग के जिम्मे करीब 1,440 किलोमीटर लंबा सड़क नेटवर्क है।
इन सड़कों पर एंटी स्मॉग गन की उपयोगिता इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है।
सड़कों पर प्रदूषण रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। अगले कुछ माह में दिल्ली में पूरी तरह नई ट्रक माउंटेड एंटी स्मॉग गन उपलब्ध होंगी। इनके तैयार होने में कुछ समय लग रहा है, इसलिए पुरानी मशीनों को फिटनेस के आधार पर दो माह के लिए अनुमति दी जा रही है। पुरानी मशीनें लगाने में देरी नहीं है, काम शुरू हो गया है, जल्द ही ये सभी मशीनें सड़कों पर उतरने जा रही हैं। यह स्पष्ट है कि पुरानी मशीनों के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर तुरंत संबंधित अभियंता को निलंबित किया जाएगा। इस कार्य के लिए अभियंताओं की समितियां बनाई गई हैं।
- प्रवेश वर्मा, मंत्री, लोक निर्माण विभाग
यह भी पढ़ें- बुधवार से नमो भारत ट्रेन लगाएगी 20 फेरे एक्स्ट्रा, दिल्ली-NCR में GRAP-2 के चलते NCRTC का फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।