विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में अवैध तरीके से रह रहे विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई की तैयारी, पुलिस चलाएगी विशेष अभियान

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:40 PM (IST)

दिल्ली पुलिस राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और धरपकड़ के लिए एक नया विशेष सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी में है।

दिल्ली में अवैध रूप से रहे विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई की तैयारी। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

दिल्ली में अवैध रूप से रहे विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई की तैयारी। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए अभियान चलाएगी।

  2. क्राइम ब्रांच एंटी नारकोटिक्स सेल सभी जिलों के साथ मिलकर काम करेगी।

  3. नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस एक बार फिर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रही है। क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल सभी जिलों की पुलिस के साथ मिलकर यह अभियान चलाएगी।

इसके लिए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से डाटा लेकर संदिग्ध ठिकानों पर घर-घर तलाशी ली जाएगी। पुलिस यह पता लगाना चाहती है कि पिछले अभियान के बाद कितने विदेशी नागरिकों ने दोबारा दिल्ली को अपना ठिकाना बनाया है।

नशा तस्करों की प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट बनी दिल्ली

दरअसल, दिल्ली की भौगोलिक स्थिति और मजबूत परिवहन नेटवर्क के कारण राजधानी नशा तस्करों के लिए प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट बनी हुई है। यहां से नशीले पदार्थों को देश के दूसरे राज्यों और विदेश तक पहुंचाने के लिए सड़क, रेल और हवाई मार्ग का इस्तेमाल किया जाता है।

पुलिस को आशंका है कि कुछ विदेशी नागरिक भी तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इसी को देखते हुए उनकी पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन पर जोर दिया जा रहा है।

एंटी नारकोटिक्स सेल ने पहले चलाया था अभियान

इससे पहले अगस्त में क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल ने करीब एक महीने तक विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान 11 देशों के 194 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर भेजा गया था। संबंधित देशों के दूतावासों को भी इसकी जानकारी दी गई थी। इनमें 117 अफ्रीकी नागरिक शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, दक्षिण जिले में सबसे अधिक 39 और दक्षिण-पश्चिम जिले में 36 अफ्रीकी नागरिक अवैध रूप से रहते पाए गए थे।

दक्षिण और द्वारका जिले के तीन थाना क्षेत्रों में इनकी संख्या सबसे अधिक थी। संबंधित इलाकों में मकान मालिकों के खिलाफ किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने पर मुकदमे भी दर्ज किए गए थे।

दिल्ली एयरपोर्ट से की देशों के लिए सीधी उड़ान

दिल्ली उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के केंद्र में स्थित है। अफगानिस्तान, पाकिस्तान और ईरान से जुड़े गोल्डन क्रिसेंट क्षेत्र की हेरोइन पंजाब और जम्मू-कश्मीर के रास्ते दिल्ली पहुंचती है।

वहीं, म्यांमार और पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाली अफीम व सिंथेटिक ड्रग्स सड़क और रेल मार्ग से राजधानी लाई जाती हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुनिया के कई देशों के लिए सीधी उड़ानें हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय तस्कर कोकीन और मेथामफेटामाइन जैसे मादक पदार्थों की तस्करी के लिए हवाई मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क पर लगेगा अंकुश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले अभियान में पकड़े गए विदेशी नागरिकों के कब्जे से ड्रग्स बरामद नहीं हुई थी। इसलिए उनके खिलाफ अवैध रूप से रहने के मामले में कार्रवाई की गई थी।

अब दोबारा अभियान चलाकर यह जांच की जाएगी कि राजधानी में ऐसे विदेशी नागरिकों की संख्या कितनी बढ़ी है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे अवैध गतिविधियों और ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- जानलेवा साबित हो रहा दिल्ली में चल रहा अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, डेढ़ साल में 8 की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।