जानलेवा साबित हो रहा दिल्ली में चल रहा अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, डेढ़ साल में 8 की मौत
राजधानी दिल्ली में रिहायशी इलाकों में अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन जानलेवा साबित हो रहे हैं, जहां असुरक्षित बिजली व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की कमी के कारण आग लगने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है।
-1795972388832_m.webp)
विश्वास नगर स्थित मकान के भूतल पर चल रहे चार्जिंग स्टेशन में लगी आग। वीडियो ग्रेब
HighLights
रिहायशी इलाकों में अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग से आग का खतरा।
असुरक्षित बिजली व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की कमी जानलेवा।
दिल्ली में अवैध चार्जिंग से 8 मौतें, निगरानी की कमी।
स्वदेश कुमार, नई दिल्ली। राजधानी में ई-रिक्शा की संख्या बढ़ने के साथ ही इनके लिए अवैध चार्जिंग का कारोबार भी फैलता जा रहा है। सबसे गंभीर स्थिति यह है कि रिहायशी मकानों के भूतल, संकरी गलियों, टीनशेड वाले गोदामों और अस्थायी पार्किंग स्थलों में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा की बैटरियां चार्ज की जा रही हैं।
यहां न पर्याप्त अग्निशमन उपकरण हैं, न सुरक्षित बिजली व्यवस्था और न ही आपात स्थिति में बाहर निकलने के पर्याप्त रास्ते। इसका नतीजा बार-बार आग, झुलसने और मौतों के रूप में सामने आया है।
डेढ़ साल में 8 लोगों की मौत
राजधानी में पिछले करीब डेढ़ साल में इस तरह की घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। घटनाओं की कड़ी बताती है कि समस्या किसी एक इलाके या एक संचालक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नियमन और निगरानी की बड़ी नाकामी है।
ई-रिक्शा मैन्युफैक्चरर एंड डीलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन राजीव तुली बताते हैं कि पर्याप्त चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर न बनाए जाने के कारण लोग घरों के भीतर अवैध चार्जिंग/पार्किंग व्यवस्था बना रहे हैं। उनका कहना है कि राजधानी में 2.10 लाख रजिस्टर्ड ई-रिक्शा हैं। लेकिन इनमें से 1.4 लाख ई-रिक्शा बिना फिटनेस के चल रहे हैं।
बिना रजिस्ट्रेशन के दौड़ रहा ई-रिक्शा
इसके अलावा एक लाख से अधिक ई-रिक्शा बिना पंजीकरण के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इन पर नियमन की कोई व्यवस्था नहीं है। राजधानी में परिवहन विभाग की 80 टीमें हैं लेकिन ये कमर्शियल वाहनों की ही जांच करती हैं।
ई-रिक्शा को पकड़ा नहीं जाता है। ये बड़ी समस्या है। अगर इन पर कार्रवाई हो तो फिटनेस जांच के लिए ये भी अलर्ट रहेंगे। ऐसे में बैटरी में कमी के कारण आग लगने की घटनाओं पर अंकुश लग सकता है।
इन इलाकों में चल रहा अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन
ताजा घटनाओं के बाद दैनिक जागरण की पड़ताल में सामने आया कि बाहरी दिल्ली के रिहायशी इलाकों में अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
शालीमार गांव, जहांगीरपुरी, वजीरपुर, स्वरूप नगर, भलस्वा डेरी, शाहबाद डेरी, नरेला, बवाना, बेगमपुर, रोहिणी और मंगोलपुरी समेत कई इलाकों में आबादी के बीच घरेलू बिजली कनेक्शन और असुरक्षित वायरिंग के जरिए ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे हैं।
यमुनापार के जाफराबाद स्थित जनता कालोनी और मुख्य व्यापारिक मार्गों से लेकर गांधी नगर, सीलमपुर, सोनिया विहार, कल्याणपुरी और दल्लूपुरा तक ई-रिक्शा चार्जिंग का अवैध कारोबार फैला हुआ है।
एक ई-रिक्शा को एक बार चार्ज करने के बदले चालकों से 100 से 150 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इसी तरह से चांदनी चौक, सदर बाजार, एसपी मुखर्जी मार्ग में भी इसी तरह से अवैध चार्जिंग स्टेशन चल रहे हैं।
ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग से बचाव के उपाय
दिल्ली कालेज आफ फायर सेफ्टी इंजीनियरिंग के निदेशक जिले सिंह लाकड़ा बताते हैं कि ईरिक्शा को बंद कमरे, बेसमेंट, सीढ़ियों के नीचे या संकरी गलियों में चार्ज न करें। रिहायशी भवनों के अंदर चार्जिंग स्टेशन न चलाएं। बैटरी के अनुकूल कंपनी द्वारा निर्धारित चार्जर का ही उपयोग करें।
लोकल चार्जर और जुगाड़ से तैयार किए गए बिजली कनेक्शन से बचें। प्रत्येक चार्जिंग प्वाइंट पर उचित क्षमता की एमसीबी, अर्थिंग और ओवरलोड सुरक्षा की व्यवस्था हो। एक ही साकेट पर कई वाहन चार्ज न करें।
बैटरी फूलने, असामान्य रूप से गर्म होने, रिसाव, दरार या तारों में खराबी दिखने पर तत्काल चार्जिंग बंद करें। खराब बैटरी का इस्तेमाल न करें। चार्जिंग स्टेशन पर उपयुक्त अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म और आपातकालीन बिजली बंद करने का स्विच होना चाहिए।
पूर्व की कुछ प्रमुख घटनाएं
- 8 जून 2022: जामिया मिल्लिया इस्लामिया मेट्रो स्टेशन के पास ई-रिक्शा पार्किंग एवं चार्जिंग स्थल पर भीषण आग। 100 वाहन जले, जनहानि नहीं।
- 15 सितंबर 2023: नंद नगरी में ई-रिक्शा की बैटरी में खराबी से चलते वाहन में आग। महिला की मौत, दो लोग गंभीर रूप से झुलसे।
- 19 मई 2025: शाहदरा के विश्वास नगर में मकान के भूतल पर ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान शार्ट सर्किट से आग। दो बच्चों समेत छह झुलसे।
- 25 मई 2025: शाहदरा के रामनगर में टिनशेड के भीतर चल रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और गोदाम में आग। दो की मौत, चार घायल।
- 9 जून 2025: दिलशाद गार्डन की कोड़ी कालोनी में मकान के भूतल पर दो ई-रिक्शा चार्ज होने के दौरान आग। दो युवकों की मौत।
- 29 जून 2026: शाहदरा के विश्वास नगर में मकान के भूतल पर ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगने से चार की मौत, दो झुलसे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में महंगी हो सकती है शराब, प्रीमियम शॉप खोलने का प्लान; नई आबकारी नीति के बाद क्या-क्या होंगे बदलाव?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।