विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में महंगी हो सकती है शराब, प्रीमियम शॉप खोलने का प्लान; नई आबकारी नीति के बाद क्या-क्या होंगे बदलाव?

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:34 PM (GMT+05:30)

दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति 1 अप्रैल 2027 से लागू होगी, जिसका मसौदा केंद्र से मंजूर है। यह नीति पारदर्शिता, गुणवत्ता नियंत्रण, राजस्व वृद्धि और डिजिटल निगरानी पर केंद्रित है।

दिल्ली नई आबकारी नीति में हो सकते हैं कई बदलाव। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली नई आबकारी नीति में हो सकते हैं कई बदलाव। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. नई आबकारी नीति 1 अप्रैल 2027 से होगी लागू।

  2. पारदर्शिता, गुणवत्ता नियंत्रण और राजस्व वृद्धि मुख्य उद्देश्य।

  3. डिजिटल तकनीक से निगरानी, सरकारी खुदरा बिक्री जारी रहेगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की प्रस्तावित नई आबकारी नीति में पारदर्शिता, गुणवत्ता नियंत्रण और सरकारी राजस्व बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

नीति के मसौदे को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन इसे पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद लागू किए जाने की तैयारी है। इसे एक अप्रैल 2027 से लागू करने की सरकार की योजना है, मौजूदा आबकारी नीति 31 मार्च 2027 तक प्रभावी है।

नई आबकारी नीति में क्या रहेगा खास?

नई नीति में शराब की खुदरा बिक्री का मौजूदा सरकारी ढांचा बरकरार रखा जाएगा। यानी दुकानों का संचालन दिल्ली सरकार के चार निगमों के माध्यम से ही होगा और खुदरा कारोबार में निजी कंपनियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

नई नीति में शराब की आपूर्ति से लेकर बिक्री तक निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत ई-आबकारी पोर्टल और बारकोड आधारित ट्रैकिंग प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा। इससे शराब की प्रत्येक खेप की आवाजाही और बिक्री पर नजर रखी जा सकेगी।

इसका उद्देश्य अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और कर चोरी पर अंकुश लगाना है। लाइसेंस आवंटन और नवीनीकरण की प्रक्रिया को भी आनलाइन और पारदर्शी बनाने का प्रस्ताव है। थोक और अन्य श्रेणियों के लाइसेंस से संबंधित प्रक्रियाओं में डिजिटल व्यवस्था अपनाई जाएगी, जिससे मानवीय हस्तक्षेप कम हो और आवंटन में मनमानी की आशंका घटे।

गुणवत्ता जांच के लिए वैज्ञानिक परीक्षण

शराब की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित नमूनों की जांच और वैज्ञानिक परीक्षण की व्यवस्था प्रस्तावित है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं करने वाले निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नकली और मिलावटी शराब की बिक्री रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था भी सख्त होगी।

महंगी हो सकती है शराब

नई नीति में आबकारी शुल्क की दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। ये दरें वर्ष 2014 से नहीं बदली हैं, जबकि शराब की अधिकतम खुदरा कीमतों में आखिरी बार करीब चार वर्ष पहले बदलाव हुआ था। शुल्क बढ़ने से शराब महंगी हो सकती है। इसके अलावा खुदरा दुकानों के मार्जिन को तर्कसंगत बनाया जाएगा, ताकि प्रीमियम घरेलू और विदेशी ब्रांड की बिक्री को प्रोत्साहन मिले।

सरकार का उद्देश्य गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद जैसे पड़ोसी शहरों में शराब खरीदने जाने वाले उपभोक्ताओं को दिल्ली के बाजार में ही बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है। इसके लिए दुकानों का स्वरूप बदलने, बुनियादी सुविधाएं सुधारने और प्रीमियम माडल शाप विकसित करने का भी प्रस्ताव है।

नीति के प्रमुख उद्देश्य

  • आबकारी राजस्व में वृद्धि।
  • शराब की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना।
  • अवैध शराब और तस्करी पर रोक लगाना।
  • प्रीमियम घरेलू और विदेशी ब्रांड की उपलब्धता बढ़ाना।
  • दुकानों की व्यवस्था और उपभोक्ता सुविधाओं में सुधार करना।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के इन 24 गोलचक्करों की बदलेगी तस्वीर, 3 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होगा सुंदरीकरण; टेंडर जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।